इस्लामाबाद: पाकिस्तान से अपने देश की हालत संभाली नहीं जा रही है, लेकिन वह अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच दलाली करना शुरू कर चुका है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार इस्लामाबाद में पश्चिम एशिया में छिड़े संघर्ष पर इस्लामिक राष्ट्रों के साथ शांति वार्ता कर रहे हैं। इशाक डार ने रविवार को यहां मिस्र और तुर्की के अपने समकक्षों से मुलाकात की। यह मुलाकात सऊदी अरब सहित चौपक्षीय शिखर सम्मेलन से पहले हुई, जिसमें पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और क्षेत्र में शांति वार्ता के प्रयासों पर चर्चा की गई।
सऊदी अरब भी बैठक में शामिल
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने शनिवार को बताया कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद, तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान और मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलअत्ती इशाक डार के निमंत्रण पर इस्लामाबाद आ रहे हैं। डार पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री भी हैं। विदेश कार्यालय ने रविवार को कहा कि दार और अब्देलअत्ती के बीच हुई बैठक में पाकिस्तान और मिस्र ने द्विपक्षीय संबंधों के पूरे स्पेक्ट्रम की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने हाल के उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान से उत्पन्न सकारात्मक गति से संतोष व्यक्त किया, जिसमें नवंबर पिछले साल अब्देलअत्ती की पाकिस्तान यात्रा भी शामिल थी।
पश्चिम एशिया में तनाव कम कराने का दावा कर रहा पाक
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ का मध्यस्थता वाले पोस्ट को रिपोस्ट किए जाने के बाद इस्लामाबाद फूला नहीं समा रहा। पाकिस्तान अब इस्लामिक राष्ट्रों का चौधरी बन रहा है। उसे लग रहा है कि वह ईरान-अमेरिका युद्ध को खत्म करवा सकता है। जबकि सच्चाई ये है कि पाकिस्तान से खुद अपने देश की हालत संभाली नहीं जा रही है। वह अफगानिस्तान और बलूचिस्तान की समस्याओं को भी नहीं सुलझा पा रहा है।
गाजा को लेकर इजरायल पर साधा निशाना
पाकिस्तान के विदेश मंत्री डार ने फिलिस्तीनी लोगों के प्रति "अटूट समर्थन" की पुष्टि करते हुए गाजा तथा वेस्ट बैंक में इजरायली कब्जा, बलों द्वारा जारी आक्रामकता की कड़ी निंदा की। विदेश कार्यालय ने कहा कि मंत्री ने गाजा के लोगों को मानवीय सहायता पहुंचाने में मिस्र की भूमिका की सराहना की, जिसमें पाकिस्तान के राहत प्रयासों को दिए गए समर्थन को भी शामिल किया गया। दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र और इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) सहित बहुपक्षीय मंचों पर निकट समन्वय जारी रखने पर भी सहमति जताई। विदेश कार्यालय के अनुसार डार ने तुर्की के विदेश मंत्री फिदान से भी मुलाकात की। सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद रविवार को आने वाले हैं।