1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को बनाया गया निशाना, डरे अधिकारी; उठाया बड़ा कदम

पाकिस्तान में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को बनाया गया निशाना, डरे अधिकारी; उठाया बड़ा कदम

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Aug 11, 2025 11:41 am IST,  Updated : Aug 11, 2025 12:21 pm IST

पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। एक बार फिर विस्फोट कर रेलवे की पटरियों को उड़ा दिया गया है। विस्फोट की वजह से ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। इस ट्रेन को हाईजैक भी कर लिया गया था।

पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को बनाया गया निशाना (सांकेतिक तस्वीर)- India TV Hindi
पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को बनाया गया निशाना (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : AP

पेशावर: पाकिस्तान में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया है। घटना पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में हुई है। यहां पटरी पर लगे विस्फोटक के चलते जाफर एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं। घटना के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिस वक्त ट्रेन को निशाना बनाया गया उस वक्त वह पेशावर की ओर जा रही थी। जाफर एक्सप्रेस को इससे पहले भी निशाना बनाया गया था और इस ट्रेन को हाईजैक कर लिया गया था।

पाकिस्तानी रेलवे अधिकारियों ने क्या कहा?

पाकिस्तान रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि क्वेटा से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्पेजैंड रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में विस्फोट हुआ था। उन्होंने बताया कि धमाका तब हुआ था जब ट्रेन सुबह 9 बजे 350 यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर निकली थी। पाकिस्तान रेलवे के क्वेटा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुहम्मद काशिफ ने मीडिया को बताया, "रेल की पटरी पर लगे एक बम में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे क्वेटा से पेशावर जा रही ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।" अधिकारी ने बताया कि सभी घायल यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। रेलवे कर्मचारियों सहित बचाव दल को घटनास्थल पर भेज दिया गया है साथ ही फंसे हुए यात्रियों को क्वेटा पहुंचाने के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन भी भेजी गई।

जाफर एक्सप्रेस और बोलन मेल की सेवाएं निलंबित

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है जबकि पटरियां खाली कराने के लिए बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया है। इस बीच, एक अलग बयान में काशिफ ने कहा कि जाफर एक्सप्रेस और बोलन मेल की सेवाएं 14 अगस्त तक निलंबित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि बोलन मेल 16 अगस्त (शनिवार) को अपना परिचालन फिर शुरू करेगी।

निशाने पर है जाफर एक्सप्रेस

क्वेटा और पेशावर के बीच चलने वाली जाफर एक्सप्रेस को हाल के महीनों में बार-बार निशाना बनाया गया है। सात अगस्त को बलूचिस्तान के सिबी रेलवे स्टेशन के पास रेलगाड़ी बाल-बाल बच गई थी, जहां पटरी के पास रखा गया बम रेलगाड़ी के गुजरने के तुरंत बाद फट गया था। एक अन्य घटना में चार अगस्त को कोलपुर के पास बंदूकधारियों ने इंजन को टारगेट करते हुए फायरिंग की थी। अलगाववादी बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। जून में रेल पटरियों पर लगे एक रिमोट नियंत्रित विस्फोटक उपकरण में विस्फोट हो गया था, जिससे जैकोबाबाद में जाफर एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतर गए थे। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में आतंकियों की गिरी हुई हरकत, स्कूल को भी नहीं छोड़ा; बम से उड़ाया

'हम आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे', आसिम मुनीर ने अमेरिका से दी भारत को परमाणु हमले की गीदड़भभकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश