1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. लाहौर में दर्दनाक हादसा, ट्यूशन सेंटर की गिरी छत,14 बच्चों की मौत, बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या, 20 से ज्यादा घायल

लाहौर में दर्दनाक हादसा, ट्यूशन सेंटर की गिरी छत,14 बच्चों की मौत, बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या, 20 से ज्यादा घायल

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 30, 2026 10:51 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 11:08 pm IST

ट्यूशन सेंटर की छत गिरने के बाद चीख-पुकार मच गई। ट्यूशन सेंटर में क्लास चल रही थी, तभी उसकी छत गिर गई। घटना स्थल से 14 बच्चों के शव निकाले जा चुके हैं।

रोते बिलखते परिजन- India TV Hindi
रोते बिलखते परिजन Image Source : AP

पाकिस्तान के लाहौर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से कम से कम 14 बच्चों की मौत हो गई। 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि घनी आबादी वाले काहना नउ इलाके में स्थित इस अकादमी में सात से 13 साल की आयु के 30 से अधिक बच्चे कक्षाएं ले रहे थे, तभी अचानक छत ढह गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए। 

मलब में दबे लोगों की हो रही तलाश

लाहौर के पुलिस उप-महानिरीक्षक (अभियान) फैजल कामरान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'अब तक मलबे से 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं।  घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।' 

गिरफ्तार किया गया ठेकेदार

पुलिस अधिकारी कामरान ने बताया, 'इमारत का एक हिस्सा निर्माणाधीन था और जब छत गिरी, उस वक्त मजदूर काम में लगे हुए थे। हमने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।' लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारिक महमूद ने बताया कि इस इमारत में इलाके की एक महिला द्वारा निजी ट्यूशन सेंटर चलाया जा रहा था। ईधी फाउंडेशन ने बताया कि काहना नउ इलाके की बस्ती ईदगाह में स्थित रिहायशी इमारत में चल रही अकादमी की छत अचानक गिर गई। 

बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या

एनजीओ ने बयान में कहा, 'मृतकों के शवों को जनरल अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है।' साथ ही संस्था ने आशंका जताई कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ बच्चे अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। संस्था ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। संस्था ने कहा कि बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। मौके पर ईधी फाउंडेशन की एंबुलेंस तैनात हैं, जो आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही हैं। 

सीएम मरियम ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ दिए सख्त निर्देश

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने पुलिस और जिला प्रशासन को हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रांतीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने लाहौर जनरल अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को घायलों का तुरंत इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: 

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान बॉर्डर पर किया हमला, 29 लोगों की मौत

'सेना प्रमुख आसिम मुनीर नहीं, तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेंगे', पाकिस्तान के रावलकोट में क्यों मचा बवाल?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश