1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बारिश ने मचाई तबाही, 24 की मौत घायल हुए 150 से अधिक लोग

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बारिश ने मचाई तबाही, 24 की मौत घायल हुए 150 से अधिक लोग

 Published : Jul 16, 2025 08:57 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 08:57 pm IST

पाकिस्तान के कई इलाकों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। यहां के पंजाब प्रांत में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है। हालात को देखते हुए अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है।

Pakistan Rain- India TV Hindi
Pakistan Rain Image Source : AP

लाहौर: पाकिस्तान के कई इलाकों में हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बात करें पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की तो यहां पिछले 24 घंटे में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के चलते यहां 150 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। अब तक बारिश के चलते पाकिस्तान में मरने वालों की कुल संख्या 140 हो गई है। एक अधिकारी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी है। 

लाहौर में आया तूफान

पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि लाहौर और पंजाब के कई अन्य जिलों में रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही और यह सिलसिला बृहस्पतिवार तक जारी रहने का अनुमान है। पंजाब की आपात सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘लाहौर में रात में आए तूफान के कारण छत गिरने की तीन घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। इनमें शहर के थोकर नियाज बेग इलाके में रहने वाले एक ही परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं।’’ 

Pakistan Rain
Image Source : APPakistan Rain

26 जून को हुई थी मानसून की पहली बारिश

आपात सेवा के प्रवक्ता ने बताया कि फैसलाबाद में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि पाकपट्टन में एक महिला और दो बच्चों की मौत हुई है। शेखपुरा, भक्कर, बहावलनगर और शाहकोट में छत गिरने से एक-एक शख्स की मौत हुई है, जबकि ओकारा में दो किशोरों की जान गई है। इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने बारिश से संबंधित नुकसान पर नजर रखते हुए कहा था कि 26 जून से अब तक ऐसी घटनाओं में कुल 116 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में 26 जून को मानसून की पहली बारिश हुई थी। 

सीएम मरियम नवाज ने जताया दुख

एनडीएमए के अनुसार, 116 मौतों में से 44 लोगों की मौत पंजाब में, 37 खैबर पख्तूनख्वा, 18 सिंध, 16 बलूचिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में एक व्यक्ति की मौत हुई। इस बीच, पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने बारिश से संबंधित घटनाओं में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को बचाव एवं राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

VIDEO: इजरायल ने सीरिया में बरसाए बम, जान बचाने के लिए स्टूडियो से भागी टीवी एंकर

असीम मुनीर बनेंगे राष्ट्रपति, होगा तख्तापलट? जानें पाकिस्तान में फिर क्यों शुरू हुआ अफवाहों का नया दौर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश