1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में आतंकियों ने लड़कियों के स्कूल को बनाया निशाना, बम से उड़ा दिया

पाकिस्तान में आतंकियों ने लड़कियों के स्कूल को बनाया निशाना, बम से उड़ा दिया

 Published : Jul 11, 2025 07:43 pm IST,  Updated : Jul 11, 2025 07:43 pm IST

पाकिस्तान में आतंकियों ने लड़कियों के स्कूल को भी नहीं बख्शा है। मामला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का है। यहां लड़कियों के लिए एक स्कूल का निर्माण किया जा रहा था जिसे आतंकियों ने निशाना बनाया है।

पाकिस्तान में लड़कियों के स्कूल को बम से उड़ाया (प्रतीकात्मक तस्वीर)- India TV Hindi
पाकिस्तान में लड़कियों के स्कूल को बम से उड़ाया (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : AP

पेशावर: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लड़कियों के लिए निर्माणाधीन एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय को अज्ञात आतंकवादियों ने बम विस्फोट करके क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने कहा कि धमाके के लिए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल किया गया था। विस्फोट के समय इमारत खाली होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 

फोरेंसिक टीम को किया गया तैनात

पुलिस के मुताबिक, आतंकवादियों ने बन्नू जिले के बाका खेल पुलिस क्षेत्र में अजान जावेद प्राथमिक विद्यालय के परिसर के अंदर विस्फोटक रखा था।  इस शक्तिशाली विस्फोट के कारण इमारत को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने बताया कि एक एफआईआर दर्ज कर ली गई है और विस्फोट स्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीम को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे क्षेत्र में शैक्षिक विकास को पटरी से उतारने का प्रयास बताया है। 

एक हजार से ज्यादा स्कूलों को किया गया नष्ट

ऑस्ट्रेलियाई ‘थिंक टैंक’ लोवी इंस्टीट्यूट की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2007 से 2017 के बीच कबायली इलाकों में 1,100 से ज्यादा लड़कियों के स्कूल नष्ट कर दिए है। इस दौरान शिक्षिकाओं और छात्राओं को भी निशाना बनाया गया है। वर्ष 2014 में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से शुरू किए गए एक व्यापक सैन्य अभियान से पहले तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने स्वात जिले में अपने गढ़ से उत्तर-पश्चिमी प्रांत के कबायली इलाकों और अन्य जिलों में लड़कियों के स्कूलों पर सैकड़ों हमले किए थे। इस कार्रवाई के बाद टीटीपी के आतंकवादी अफगानिस्तान भाग गए थे और अपने नए ठिकानों से सीमा पार हमलों की योजना को अंजाम दे रहे थे। 

पहले भी हुए हैं धमाके

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए बम धमाके में एक सहायक आयुक्त समेत पांच सरकारी अधिकारियों की मौत हो गई थी। इस धमाके में 11 अन्य लोग घायल भी हुए थे। यह धमाका अफगानिस्तान की सीमा से सटे आदिवासी जिले बाजौर में खार तहसील के मेला मैदान के पास हुआ था।  (भाषा)

यह भी पढ़ें:

South China Sea में चीन की हरकतों पर अमेरिकी कमांडर ने दिया बड़ा बयान, कहा- 'धौंस दिखाने...'

नेपाल ने खोल दी पोल, बताया भारत पर हमला करने के लिए क्या कर सकते हैं पाकिस्तानी आतंकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश