1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान सरकार और सेना के लश्कर से संबंध फिर उजागर, पीएम मोदी की तस्वीर के साथ फौजी वर्दी में दिखे आतंकी

पाकिस्तान सरकार और सेना के लश्कर से संबंध फिर उजागर, पीएम मोदी की तस्वीर के साथ फौजी वर्दी में दिखे आतंकी

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 26, 2025 08:45 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 08:51 pm IST

पाकिस्तान की सरकार उसकी सेना और लश्कर के आतंकियों का गहरा गठजोड़ एक बार फिर से उजागर हो गया है। लश्कर के आतंकी पाकिस्तानी वार्दी में पीएम मोदी की तस्वीरें लिए विरोध जता रहे हैं तो कहीं पाकिस्तान के मंत्री आतंकियों के साथ सभा कर रहे हैं। लश्कर के कैंप में पीएम मोदी का वीडियो दिखाया जा रहा है।

लश्कर के कैंप में देखा जा रहा पीएम मोदी का वीडियो।- India TV Hindi
लश्कर के कैंप में देखा जा रहा पीएम मोदी का वीडियो। Image Source : INDIA TV

कराचीः पाकिस्तान के कराची से सामने आईं नई तस्वीरों ने एक बार फिर पाक आर्मी, सरकार और लश्कर-ए-तैय्यबा के बीच गहरे रिश्तों का पर्दाफाश कर दिया है। इन तस्वीरों में लश्कर के आतंकी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें हाथ में लिए हुए नज़र आ रहे हैं। खास बात ये है कि ये तस्वीरें पाकिस्तान के कराची की हैं, और आतंकियों ने फौजी वर्दी पहन रखी है। वहीं एक अन्य तस्वीर में पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्ला तरार लश्कर के आतंकियों के साथ बैठक करते दिख रहे हैं। इससे पाकिस्तान सरकार और सेना का लश्कर से गहरे गठजोड़ की बात फिर साबित हुई है।

पाकिस्तान में पीएम मोदी का खौफ

पाकिस्तान के हैदराबाद से पिछले दिनों भी ऐसी ही तस्वीरें आई थीं, जहां लश्कर के आतंकी बंद कमरे में प्रोजेक्टर और स्पीकर लगाकर नरेंद्र मोदी के वीडियो सुनते और देखते हुए दिखे थे। पाकिस्तान में आतंकियों के बीच पीएम मोदी का खौफ चल रहा है। अब कराची से आईं नई तस्वीरों में भी वही पैटर्न सामने आया है। मोदी की तस्वीर हाथ में लिए आतंकियों के चेहरे साफ़ तौर पर कैमरे में कैद हुए हैं। 

इन आतंकियों की संख्या आठ बताई गई है। तस्वीरों में साफ़ देखा जा सकता है कि किस तरह वे नरेंद्र मोदी की तस्वीर पकड़े हुए हैं। अलग-अलग एंगल से शूट की गई तस्वीरों में उनके चेहरे के हाव-भाव को भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

लश्कर आतंकियों के साथ पाकिस्तान के मंत्री 

इस बीच इस्लामाबाद से आई एक और चौंकाने वाली खबर में पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार को लश्कर के आतंकियों के साथ कैमरे में कैद किया गया है। यह तस्वीर किसी सीमा पार आतंकी ठिकाने की नहीं, बल्कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की है। एक वायरल वीडियो में अताउल्लाह तरार को राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में लश्कर के आतंकियों के साथ बैठे हुए देखा गया है। खास तौर पर, दाढ़ी वाला आतंकी जोकि एक महिला के पास बैठा है, उसे प्रमुखता से चिन्हित किया गया है। ये बैठक इस्लामाबाद के सनोबर इंस्टिट्यूट में हुई थी, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान के ‘ऑपरेशन बुनयान अल मरसूस’ पर चर्चा की गई।

पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा याकूब का तार

वीडियो में दिखने वाला सबसे चर्चित चेहरा कारी मोहम्मद याकूब शेख का है, जो लश्कर का बड़ा आतंकी है और जिसे अमेरिका का ट्रेज़री डिपार्टमेंट डेज़ीगनेटेड टेररिस्ट घोषित कर चुका है। यही आतंकी पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह कसूरी और हाफिज़ सईद के बेटे तल्हा सईद के साथ भी पहले देखा जा चुका है। कारी याकूब शेख न केवल लश्कर का वरिष्ठ सदस्य है, बल्कि 2008 से 2011 तक लश्कर के लिए चंदा इकट्ठा करता रहा है और संगठन के लिए आतंकियों की भर्ती भी कर चुका है। यही नहीं, वह लाहौर से चुनाव भी लड़ चुका है।

भारत पर हमले की धमकी दे चुका है याकूब

एक वीडियो में कारी याकूब शेख को पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में रैली करते हुए और भारत पर हमले की धमकी देते हुए देखा गया है। उसके बयानों में जिहाद, मिसाइल और भारत को नेस्तनाबूद करने की बात कही गई है। उसकी धमकियाँ खुली हैं और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

भारत पर आतंकी बना रहे फिर हमले की योजना

पाकिस्तान के पूर्व मेजर आदिल रज़ा ने एक बयान में दावा किया है कि ISI और आर्मी चीफ आसिम मुनीर, लश्कर और जैश जैसे संगठनों की मदद से भारत पर फिर से हमले की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रॉक्सी वॉर के ज़रिए पाकिस्तान एक बार फिर भारत के खिलाफ आतंकी नेटवर्क का इस्तेमाल करेगा।

पाक सरकार भी आतंकियों के साथ

अदालत में पेश बयानों और सार्वजनिक रूप से जारी वीडियो में अताउल्लाह तरार ने स्वीकारा है कि पाकिस्तान की सरकार अब आतंकियों को एक साथ जोड़ रही है और उन्हें सरकारी कार्यक्रमों में बुलाकर नई योजना पर काम कर रही है। आख़िरी तस्वीरों में वही कारी याकूब शेख पाकिस्तान की सरकार द्वारा आयोजित राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में ‘चीफ गेस्ट’ की तरह बैठा नज़र आता है, और आतंकवादियों के बीच सरकार की भागीदारी पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश