1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत-मॉरीशस की दोस्ती पर बोले पीएम मोदी, कहा-"हमने हमेशा दिया एक दूसरे का साथ"

भारत-मॉरीशस की दोस्ती पर बोले पीएम मोदी, कहा-"हमने हमेशा दिया एक दूसरे का साथ"

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Mar 12, 2025 12:44 pm IST,  Updated : Mar 12, 2025 01:41 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने पोर्ट लुइस पहुंचे हैं। वहां उन्होंने भारत-मॉरीशस की दोस्ती को लेकर बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश एक दूसरे के सुख-दुख में हमेशा साथ रहे हैं।

मॉरीशस में पीएम मोदी। - India TV Hindi
मॉरीशस में पीएम मोदी। Image Source : AP

पोर्टलुइसः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-मॉरीशस की दोस्ती को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक दूसरे के सुख-दुख में हमेशा साथ रहे हैं। दोनों ही देशों ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ ही साथ व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मॉरीशस भारत का महत्वपूर्ण साझेदार है। दोनों देश एआई के क्षेत्र में मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। हर क्षेत्र में दोनों देश साथ-साथ हैं। 

बता दें कि पीएम मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने वहां पहुंचे हैं। मॉरीशस पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने वहां के लोगों को उनके राष्ट्रीय दिवस की बधाई दी। इससे पहले दिन पीएम मोदी ने मॉरीशस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि मॉरिशस की मिट्टी में भारतीयों का खून-पसीना मिला हुआ है। उन्हें मॉरिशस में अपने लोगों के बीच होने का एहसास हुआ है। पीएम मोदी ने कहा, 'मैं जब मॉरीशस आता हूं, तो ऐसा लगता है कि अपनों के बीच ही तो आया हूं। यहां की हवा, मिट्टी और पानी में अपनेपन का एहसास है।'

मॉरिशस में बसता है मिनी हिंदुस्तान

इसके अलावा पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भाषा-बोली, खान-पान के हिसाब से देखें तो मॉरिशस में मिनी हिंदुस्तान बसता है।बिहार के साथ मॉरिशस का भावुक संबंध है। हम मिलकर बिहार को अपना गौरव वापस दिलाएंगे। पीएम मोदी ने कहा, 'मॉरीशस के लोगों ने यहां की सरकार ने मुझे अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का फैसला लिया है। मैं आपके निर्णय को विनम्रता से स्वीकार करता हूं। ये भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक रिश्तों का सम्मान है।'

पूर्व प्रधानमंत्री और नेताओं से भी की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ और विपक्ष के नेता जॉर्जेस पियरे लेसजॉन्गार्ड से बुधवार को मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मोदी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मॉरीशस आए हैं। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की तस्वीरों साझा करते हुए लिखा, ‘‘मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ अच्छी बैठक हुई।’’ उन्होंने इसके तुरंत बाद मॉरीशस में विपक्ष के नेता एवं सांसद लेसजॉन्गार्ड से मुलाकात की। मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमने भारत-मॉरीशस मित्रता को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विचारों का रचनात्मक ढंग से आदान-प्रदान किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश