1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बिश्केक में राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर किया करारा प्रहार, SCO देशों से कहा-आतंकवाद पर नहीं चलेगा दोहरा रवैया

बिश्केक में राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर किया करारा प्रहार, SCO देशों से कहा-आतंकवाद पर नहीं चलेगा दोहरा रवैया

 Published : Apr 28, 2026 03:32 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 03:34 pm IST

राजनाथ सिंह ने बिश्केक के एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा है कि सीमापार आतंकवाद पर एससीओ देशों को कड़ा रुख अपनाना होगा।

राजनाथ सिंह- India TV Hindi
राजनाथ सिंह। Image Source : HTTPS://X.COM/RAJNATHSINGH

SCO Summit: बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा समर्थित सीमा पार आतंकवाद का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) को सरकार प्रायोजित आतंकवाद की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकवाद से निपटने में दोहरे मापदंड की कोई गुंजाइश नहीं है।

रक्षामंत्री ने एससीओ में किया ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

बिश्केक में SCO रक्षा मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान यह दृढ़ संकल्प दिखाया है कि आतंकवाद के केंद्रों को अब न्यायोचित दंड से कोई छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमें सरकार द्वारा प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, जो किसी राष्ट्र की संप्रभुता पर सीधा हमला है। दोहरे मापदंड की कोई गुंजाइश नहीं है। एससीओ को आतंकवादियों को उकसाने, उन्हें पनाह देने और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने में हिचकिचाना नहीं चाहिए।’’रक्षा मंत्री ने आतंकवाद, कट्टरपंथ और चरमपंथ से निपटने के लिए वैश्विक स्तर पर समन्वित और सामूहिक प्रयासों की वकालत की। 

आतंकवाद वैश्विक व्यवस्था के लिए खतरा

राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद आज उभरती हुई विश्व व्यवस्था के लिए सबसे गंभीर खतरा बन गया है। सिंह ने कहा, ‘‘एससीओ हमारे साझा मूल्यों पर आधारित एक संगठन है, जिसने आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई में इन कृत्यों और विचारधाराओं की निंदा की है।’’राजनाथ सिंह ने मौजूदा भू-राजनीतिक उथल-पुथल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया आज बढ़ती हुई एकतरफा नीतियों, संघर्षों और अस्थिरता का सामना कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में लगातार हुए संघर्षों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘रक्षा के लिए जिम्मेदार लोगों के नाते, अब हमारे लिए आत्ममंथन करने और इस स्थिति से निपटने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने का समय आ गया है।

राजनाथ सिंह ने चीन और बेलारूस के रक्षा मंत्री से मुलाकात की

राजनाथ सिंह ने इस दौरान चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून से किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में मुलाकात की। दोनों मंत्रियों की यह भेंट शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई। बैठक से इतर हुई इस द्विपक्षीय बातचीत में दोनों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर मौजूदा समग्र स्थिति की समीक्षा की। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘‘बिश्केक में SCO रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून से बातचीत कर खुशी हुई। इसके अलावा उन्होंने बेलारूस के भी रक्षामंत्री से मुलाकात की। राजनाथ सिंह ने लिखा, "शंघाई सहयोग संगठन (SCO) रक्षा मंत्रियों की बैठक में बेलारूस के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल विक्टर ख्रेनिन से मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारी बातचीत दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर केंद्रित रही।"

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश