1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ऋषि सुनक की एलन मस्क को दो टूक , जानिए किस बात से खफा हो गए ब्रिटिश पीएम

ऋषि सुनक की एलन मस्क को दो टूक , जानिए किस बात से खफा हो गए ब्रिटिश पीएम

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Nov 27, 2023 11:31 am IST,  Updated : Nov 27, 2023 11:32 am IST

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने एलन मस्क की तीखी आलोचना की है। जानिए पीएम सुनक ने किस मामले में अमेरिकन कारोबारी मस्क को आड़े हाथों लिया?

ऋषि सुनक की एलन मस्क को दो टूक- India TV Hindi
ऋषि सुनक की एलन मस्क को दो टूक Image Source : FILE

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने दुनिया के बड़े कारोबारी एलन मस्क की जोरदार आलोचना की है। ब्रिटिश पीएम ने उनकी आलोचना करते हुए उन्हें दो उन्हें दो टूक सुनाई है। एलन मस्क ने हाल ही में यहूदी विरोधी बातें अपनी पोस्ट में कही थी। इसी यहूदी विरोध पर जवाब देते हुए ऋषि सुनक ने सधे हुए शब्दों में मस्क की कड़ी आलोचना की है। एक मीडिया चैनल से बात करते हुए सुनक ने कहा कि मैं यहूदी विरोध के खिलाफ हूं। 

बातचीत के दौरान सुनक से जब एलन मस्क के चर्चित ट्वीट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा 'इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि आप एलन मस्क हैं या फिर कोई सड़क पर किसी को गाली गलौज करने वाला व्यक्ति, यहूदी विरोध हर तरीके से गलत है।' बता दें कि बीते दिनों एलन मस्क अपने 'एक्स' पर अपनी पोस्ट को लेकर आलोचकों के निशाने पर आ गए थे। उन पर यहूदी विरोधी भावना को भड़काने का आरोप लग रहा है। 

मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का कई कंपनियों ने यूं किया बायकॉट

मामला यह है कि सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति ने पोस्ट लिखकर दावा किया कि यहूदी लोग, गोरों के खिलाफ नफरत को बढ़ावा दे रहे हैं। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने लिखा कि 'आपने असली सच बोला है।' इस ट्वीट के बाद से ही मस्क की आलोचना हो रही है। अमेरिका की सरकार ने भी मस्क की आलोचना की। इसका नतीजा यह हुआ कि इस ट्वीट के बाद कई बड़ी कंपनियों ने मस्क की सोशल मीडिया कंपनी 'एक्स' पर अपना मार्केटिंग कैंपेंन बंद कर दिया है।

संसद में मस्क की आलोचना से कर दिया था इनकार

पिछले दिनों ब्रिटिश पीएम सुनक एक कार्यक्रम में एलन मस्क के साथ एक मंच पर दिखाई दिए थे। इसे लेकर भी सुनक की आलोचना हुई थी। बीते हफ्ते हाउस ऑफ कॉमन्स में चर्चा के दौरान विपक्षी सांसद ने ऋषि सुनक से सदन में मस्क की आलोचना करने को लेकर सवाल किया था, लेकिन सुनक ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। 

7 अक्टूबर को हमास ने इजराइल पर किया था बड़ा हमला

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को हमास ने इजराइल पर तीन ओर से हमला कर मौत का तांडव मचाया था। साथ ही हमास के कमांडो अपने साथ 240 लोगों को बंधक बनाकर ले गए थे। इसके बाद बौखलाए इजराइल ने गाजा पर जोरदार हमले किए और हमास के ठिकानों को तबाह किया। यह जंग लगातार जारी है। हालांकि जंग के बीच 4 दिन का संघर्ष विराम हुआ है। इस दौरान कुछ शर्तों के तहत हमास और इजराइल बंधकों और कैदियों को छोड़ने की कार्रवाई कर रहे हैं। इसके बाद कुछ देश और हस्तियों हमास और फिलिस्तीन, तो कुछ देश और हस्तियों इजराइल का समर्थन कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश