Monday, February 23, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. एक घंटे में खत्म हुई रूस-यूक्रेन की बैठक, 6000 सैनिकों के शवों की होगी अदला-बदली

एक घंटे में खत्म हुई रूस-यूक्रेन की बैठक, 6000 सैनिकों के शवों की होगी अदला-बदली

Edited By: Amar Deep Published : Jun 02, 2025 06:19 pm IST, Updated : Jun 02, 2025 09:17 pm IST

रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच एक बार फिर से वार्ता हुई। दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच सोमवार को तुर्की में वार्ता शुरू हुई। इस दौरान दोनों देशों के 6000 मारे गए सैनिकों के शवों की अदला-बदली करने पर सहमति बनी।

रूस-यूक्रेन के बीच तुर्की में हुई बैठक।- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA रूस-यूक्रेन के बीच तुर्की में हुई बैठक।

इस्तांबुल: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अभी भी जारी है। हालांकि युद्ध विराम को लेकर दोनों तरफ से लगातार बैठकें भी जा रही हैं। इस बीच दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने एक बार फिर सोमवार को तुर्की में बैठक की है। पिछले दो सप्ताह में दोनों देशों के बीच दूसरी बार प्रत्यक्ष शांति वार्ता हुई है। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच करीब एक घंटे तक बैठक चली। इस बैठक में रूस और यूक्रेन ने युद्ध में मारे गए 6000 सैनिकों के शवों की अदला-बदली करने पर सहमति जताई है। जेलेंस्की ने लिथुआनिया के विनियस में कहा कि दोनों पक्षों ने ‘‘तुर्किये के माध्यम से दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया और हम नये सिरे से युद्धबंदियों की अदला-बदली की तैयारी कर रहे हैं।’’

तुर्की के विदेश मंत्री ने की अध्यक्षता

इस बैठक में यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने किया, जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी व्लादिमीर मेदेंस्की ने किया। तुर्की के विदेश मंत्री हकन फिदान ने शहर के सिरागन पैलेस में वार्ता की अध्यक्षता की तथा शुरुआती संबोधन दिया। दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की हालिया टिप्पणियों से संकेत मिलता है कि वे युद्ध को रोकने के लिए प्रमुख शर्तों के मामले में बहुत दूर हैं। जेलेंस्की ने कहा कि 16 मई को हुई पिछली दौर की वार्ता के बाद दोनों पक्षों के 1,000 बंदियों की अदला-बदली हुई थी। जेलेंस्की के कार्यालय के प्रमुख एंड्री यरमक ने कहा कि यूक्रेन ने रूस को उन बच्चों की एक आधिकारिक सूची भी सौंपी है, जिनके बारे में कहा गया है कि उन्हें जबरन निर्वासित किया गया था और उन्हें वापस किया जाना चाहिए। 

दोनों तरफ से हो रहे हमले

इस बीच लगभग 1000 किलोमीटर (620 मील) के अग्रिम मोर्चे पर भीषण लड़ाई भी जारी है। दोनों पक्षों की ओर से लगातार हमले किए जा रहे हें। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने कहा कि रविवार को यूक्रेन के एक ड्रोन हमले में रूस के भीतर 40 से अधिक रूसी विमानों को नष्ट कर दिया गया, जबकि मॉस्को ने मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन पर हमला किया। वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसकी वायु सेना ने रात के दौरान आठ रूसी क्षेत्रों के साथ-साथ (कब्जाए गए यूक्रेनी) प्रायद्वीप क्रीमिया पर 162 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। वहीं यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि उसने रात भर में रूस द्वारा भेजे गए 80 ड्रोन में से 52 को नष्ट कर दिया। 

यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला

बता दें कि उत्तरपूर्वी यूक्रेनी शहर खारकीव के मेयर ने कहा कि सोमवार की सुबह दो बैलिस्टिक मिसाइल ने शहर के एक आवासीय इलाके पर हमला किया। इसमें से एक मिसाइल एक स्कूल के पास गिरी। मेयर इहोर तेरेखोव ने एक बयान में कहा कि एक मिसाइल एक अपार्टमेंट की इमारत के पास गिरी, जबकि दूसरी स्कूल के पास एक सड़क पर गिरी। उन्होंने एक बड़े गड्ढे की तस्वीर प्रकाशित की। तेरेखोव ने लिखा, ‘‘गड्ढे के बगल में खड़े होकर, आपको एहसास होता है कि यह सब कितना भयानक हो सकता था। कुछ और मीटर, और यह इमारत से टकरा जाता। कुछ और मिनट, और कारें, बसें सड़क पर होतीं।’’ (इनपुट- पीटीआई)

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement