1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कराची में हुए कई धमाके, गोलीबारी की भी खबर, बिल्डिंग में घुसे हमलावर; मारे गए 4 सुरक्षाकर्मी

कराची में हुए कई धमाके, गोलीबारी की भी खबर, बिल्डिंग में घुसे हमलावर; मारे गए 4 सुरक्षाकर्मी

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 27, 2026 10:39 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 11:57 pm IST

पाकिस्तान के कराची से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। शहर में कई धमाकों के साथ गोलीबारी भी हुई है। गोलीबारी करते हुए हमलावर एक बिल्डिंग के अंदर घुस गए हैं।

कराची में हुए कई धमाके।- India TV Hindi
कराची में हुए कई धमाके। Image Source : X/MANAKDEEPSINGH

पाकिस्तान के कराची में चौरंगी के पास कई धमाकों की सूचना मिली है। यहां शहर के यूनिवर्सिटी रोड पर कई धमाकों के साथ जबरदस्त गोलीबारी की खबर भी सामने आई है। कराची में रेंजर्स ऑफिस पर कथित आतंकी हमले की खबरों के मुताबिक, यह हमला शनिवार रात करीब 8:10 बजे कराची ट्रांसपोर्ट कंपनी (KTC) के ऑफिस पर हुआ। सबसे पहले यहां एक धमाका हुआ, जिसके बाद एक के बाद एक कई धमाके सुने गए। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही हमलावरों की पहचान का खुलासा किया है। इस हमले के पीछे का मकसद भी अभी स्पष्ट नहीं है।

धमाकों से दहल गया कराची

सूत्रों के अनुसार, करीब 6 से ज्यादा हथियारबंद हमलावर रेंजर्स हेडक्वार्टर के परिसर में घुस गए। जानकारी के मुताबिक इसके बाद कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर में रेंजर्स हेडक्वार्टर में धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि धमाके से आस-पास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और आस-पास के पेड़ भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर एम्बुलेंस के साथ-साथ सुरक्षा बलों की गाड़ियां भी देखी जा सकती हैं। वहीं कुछ स्थानीय लोगों को भी थोड़ी दूर पर देखा गया।

चार सुरक्षाकर्मी भी मारे गए

शुरुआती खबरों के मुताबिक, धमाके के बाद हमलावरों ने गोलीबारी भी की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कराची में रेंजर्स कंपाउंड से घायल पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को ले जाती हुई कई एम्बुलेंस देखी गई हैं। अपुष्ट खबरों के मुताबिक, इस आत्मघाती हमले में अब तक 5 हमलावर मारे जा चुके हैं, जबकि अन्य हमलावरों के साथ अभी भी मुठभेड़ जारी है। वहीं दूसरी तरफ 4 सुरक्षाकर्मियों के भी मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। फिलहाल दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। वहीं कई अन्य गंभीर रूप से घायल भी हैं। मौके पर अभी भी अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

बलूचिस्तान में मारे गए 8 आतंकी

बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों के दो अलग-अलग अभियानों में 8 आतंकवादी मार गिराए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जनसंपर्क विभाग ने बताया कि सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के खारान और मस्तुंग जिलों में 25 और 26 जून को खुफिया जानकारी पर आधारित दो अभियान चलाए। इन अभियानों में 8 आतंकी मारे गए। बयान में बताया गया कि मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार, गोला-बारूद, आईईडी और मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। 

यह भी पढ़ें-

तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, हुआ भव्य स्वागत; नजर आई 'कार डिप्लोमेसी'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश