1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सिंगापुर में 16वें आम चुनाव के लिए मतदान जारी, जानें कौन किस पर भारी

सिंगापुर में 16वें आम चुनाव के लिए मतदान जारी, जानें कौन किस पर भारी

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : May 03, 2025 12:05 pm IST,  Updated : May 03, 2025 12:05 pm IST

सिंगापुर में 16वें आम चुनाव के लिए वोटिंग शनिवार को सुबह 8 बजे से ही शुरू हो गई है, जो रात 8 बजे तक जारी रहेगी। लोग बढ़चढ़कर मतदान करने केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

सिंगापुर चुनाव में मतदान देने जाते लोग। - India TV Hindi
सिंगापुर चुनाव में मतदान देने जाते लोग। Image Source : AP

सिंगापुर: सिंगापुर में 16वें आम चुनाव के लिए शनिवार सुबह आठ बजे (स्थानीय समयानुसार) से ही मतदान जारी है। इस चुनाव में कौन किस पर भारी पड़ेगा, यह चुनाव नतीजों के बाद ही साफ हो सकेगा। बताया जा रहा है कि यह मतदान आज रात आठ बजे तक जारी रहेगा। लोग सुबह से मतदान केंद्रों पर वोट देने के लिए पहुंचने लगे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में 27,58,846 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। मतदान के लिए 1,240 केंद्र बनाए गए हैं। देर रात तक नतीजे आने की उम्मीद है। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने लोगों से सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स एक्शन पार्टी’ (पीएपी) के लिए वोट देने की अपील की। कुल 97 संसदीय सीट में से 92 पर विभिन्न राजनीतिक दलों के 211 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन चुनाव में महंगाई एवं विदेशी श्रमिकों की बढ़ती संख्या प्रमुख मुद्दे रहे।

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग का भविष्य दांव पर

सिंगा पुर के मौजूदा प्रधानमंत्री लॉरेंग वोंग का भविष्य इस चुनाव में दांव पर है। देखना होगा कि सिंगापुर की जनता उन्हें एक बार फिर सत्ता में आने का मौका देती है या नहीं। बता दें कि सिंगापुर में 32 निर्वाचन क्षेत्रों में 11 राजनीतिक दल और दो निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। सिंगापुर में निर्वाचन क्षेत्र वे चुनावी प्रभाग होते हैं जिनका प्रतिनिधित्व संसद में एक या एक से अधिक सीट द्वारा किया जा सकता है। पीएपी ने सभी निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि विपक्षी ‘वर्कर्स पार्टी’ (डब्ल्यूपी) आठ निर्वाचन क्षेत्रों में 26 संसदीय सीट पर चुनाव लड़ रही है। ‘प्रोग्रेस सिंगापुर पार्टी’ (पीएसपी) ने छह निर्वाचन क्षेत्रों में 13 उम्मीदवार उतारे हैं।  (भाषा)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश