बीजिंग: चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक छोटा विमान बिजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकरा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो कि हैरान कर देने वाला है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 109 मंजिला CITIC टावर (जिसे 'चाइना ज़ुन' भी कहा जाता है) से मलबा गिरते हुए और ज़मीन पर विमान का पिछला हिस्सा और एक टैक्सी की टूटी हुई खिड़की दिखाई दी। हालांकि तुरंत यह पता नहीं चल पाया कि दुर्घटना में कोई हताहत हुआ या नहीं, या विमान में कितने लोग सवार थे। विमान कहां से आया था इसका अभी पता नहीं चला है।
नीचे गिरा मलबा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटे विमान की बिल्डिंग से टक्कर हो गई। इसके बाद विमान का मलबा टुकड़ों में नीचे गिर रहा था। वहीं जमीन पर मलबा गिरने की वजह से बिल्डिंग के पास आग भी लग गई थी। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में विमान को 528 मीटर (1,732 फुट) ऊंचे टॉवर की ऊपरी मंजिलों से टकराते हुए दिखाया गया, जिसमें मलबे के टुकड़े आसपास के फुटपाथ और हरे-भरे इलाके में गिर रहे थे। इस दौरान गगनचुंबी इमारत से लोगों को निकाला गया। बिल्डिंग के बाहर एंट्री गेट के पास सड़कों पर लोग जमा हो रहे थे। इसके साथ ही वहां फायर ब्रिगेड, पुलिस और एम्बुलेंस की गाड़ियां भी पहुंचीं।
हल्के विमान ने मारी टक्कर
मलबे की ऑनलाइन तस्वीरों से पता चला कि विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर B-12PP था, और Flightradar24 के रिकॉर्ड विमान की पहचान Sunward SA60L Aurora के तौर पर करते हैं, जो चीन की Starair Aircraft Co. द्वारा बनाया गया दो सीटों वाला, सिंगल-इंजन वाला हल्का स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि हल्के स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट को एक स्थानीय कंपनी द्वारा संचालित किया जाता था जो प्राइवेट पायलट ट्रेनिंग, हवाई सैर और एयरक्राफ्ट मैनेजमेंट की सुविधा देती है। बता दें कि 1 मई से, चीन की राजधानी में नए और कड़े नियमों के तहत ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक है। शहर के बड़े इलाके में रहने वाले लोगों को सरकार की मंजूरी के बिना ड्रोन खरीदने, किराए पर लेने या उड़ाने की इजाज़त नहीं है।
यह भी पढ़ें-