दुनियाभर में भूकंप की घटनाएं लगातार बढ़ती चली जा रही हैं। इस कारण बीते कुछ समय में हजारों लोगों की मौत भी हुई है। इससे अब लोगों के मन में भूकंप का खौफ भी बढ़ता चला जा रहा है। गुरुवार को वेनेजुएला में आए भूकंप में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। इसके ठीक बाद अब शुक्रवार को फिलीपींस में भूकंप के तेज झटके लगे हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम में फिलीपींस में भूकंप के कारण धरती हिल उठी। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.5 मापी गई है।
कहां था भूकंप का केंद्र?
नेशनल सेंटर फोर सिस्मॉलॉजी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, फिलीपींस में शुक्रवार को तेज भूकंप आया जिसकी तीव्रता 6.5 की मापी गई। ये भूकंप शाम 5 बजकर 4 मिनट पर आया और इसका केंद्र सेलेबीज सागर में 55 किलोमीटर की गहराई में था। इस भूकंप के कारण अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
पाकिस्तान में भी आया भूकंप
दूसरी ओर भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फोर सिस्मॉलॉजी की ओर से दिए गए अपडेट में कहा गया है कि शुक्रवार 26/06/2026 को पाकिस्तान में 5 बजकर 18 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस लगे हैं। इस भूकंप का केंद्र 75 किलोमीटर की गहराई मे था। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई है।
वेनेजुएला में 500 से ज्यादा लोगों की मौत
आपको बता दें कि गुरुवार को वेनेजुएला में शक्तिशाली भूकंप ने बड़े स्तर पर तबाही मचाई है। कुछ ही मिनटों में देश में 7.2 और 7.5 की तीव्रता के दो झटके जिसने लोगों में कोहराम मचा दिया। इस भूकंप का केंद्र कैरेबियन तट पर स्थित मोरोन बस्ती से करीब 28 किमी पश्चिम में था। ये भूकंप 13 किलोमीटर की गहराई में आया। AP की रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला की नेता डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा है कि भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 589 हो गई है और 2,980 लोग घायल हुए हैं।
वेनेजुएला की कार्यकारी राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने कहा है कि "हम मलबे में फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हम इस काम में दिन-रात जुटे हुए हैं।" भूकंप से ला गुएरा राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि वहां सेना तैनात कर दी गई है और बचाव दल जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
ये भी पढे़ें- वेनेजुएला में आए भूकंप से बड़ी तबाही, 235 की मौत, 39,000 लोग अब भी लापता, जानें कैसे हैं हालात
वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप से मचा कोहराम, देखें वीडियो