1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सारी मदद भूल गया श्रीलंका? श्रीलंकाई नेवी ने 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ा; नाव भी जब्त

सारी मदद भूल गया श्रीलंका? श्रीलंकाई नेवी ने 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ा; नाव भी जब्त

 Published : Aug 08, 2023 11:44 pm IST,  Updated : Aug 08, 2023 11:44 pm IST

श्रीलंका की नेवी ने एक प्रेस रिलीज जारी की है जिसमें उसने कहा है कि इन मछुआरों को 7 अगस्त को पकड़ा गया था और ये सभी तमिलनाडु के रहने वाले हैं।

Sri Lanka, Sri Lanka Navy, Sri Lanka Indian Fishermen- India TV Hindi
श्रीलंकाई नेवी साल की शुरुआत से अब तक 93 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

कोलंबो: श्रीलंकाई नेवी ने देश के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर 10 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीलंकाई नेवी ने इन भारतीय मछुआरों की नाव भी जब्त कर ली है। अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पिछले एक महीने में इस तरह की यह दूसरी घटना है। जैसे ही यह खबर सामने आई, लोग श्रीलंका को उन बुरे दिनों की याद दिलाने लगे जब वह दिवालिया हो गया था और भारत ने उसकी मदद की थी। बता दें कि हाल ही में श्रीलंका की अर्थव्यवस्था बेहद बुरे दौर से गुजरी थी, और भारत उसका एक बड़ा मददगार बनकर उभरा था।

7 अगस्त को पकड़े गए थे सभी मछुआरे

श्रीलंका की नेवी ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि मछुआरों को मुल्लईतिवु में अलाम्पिल तट के पास 7 अगस्त को पकड़ा गया। हिरासत में लिये गए मछुआरे तमिलनाडु से हैं। नेवी ने सोमवार को कहा कि उसने मुल्लईतिवु में अलाम्पिल तट के पास श्रीलंकाई जल क्षेत्र में भारतीय नौकाओं को अवैध रूप से मछली पकड़ते देखे जाने के बाद उन्हें खदेड़ने के लिए एक स्पेशल कैंपेन चलाया। इसमें कहा गया है कि अभियान के तहत एक भारतीय नौका जब्त कर ली गई, जो कुछ समय से श्रीलंकाई जल क्षेत्र में थी।

इस साल 93 मछुआरों को पकड़ चुका है श्रीलंका
प्रेस रिलीज के मुताबिक, मछली पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली नौका और उस पर सवार 10 मछुआरों को त्रिंकोमाली बंदरगाह लाया गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए श्रीलंकाई तटरक्षक के जरिये मत्स्यपालन के सहायक निदेशक-त्रिंकोमाली को सौंपा जाएगा। इससे पहले, 24 जुलाई की रात श्रीलंकाई नौसेना ने देश के जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर 9 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था और 2 नौकाएं जब्त की थीं। श्रीलंकाई नौसेना ने इस साल अब तक मछली पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली 14 भारतीय नौकाएं जब्त की हैं और 93 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है।

CM ने विदेश मंत्री से किया हस्तक्षेप का आग्रह
इस बीच, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने श्रीलंकाई प्राधिकारों की हिरासत में मौजूद तमिलनाडु के 19 मछुआरों की तुरंत रिहाई सुनिश्चित कराने के लिए सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश