1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दुबई में बैठे पाकिस्तानी ने थाईलैंड में 5 भारतीयों से कराई 3 इंडियन टूरिस्ट की किडनैपिंग, पुलिस ने ऐसे बचाई जान

दुबई में बैठे पाकिस्तानी ने थाईलैंड में 5 भारतीयों से कराई 3 इंडियन टूरिस्ट की किडनैपिंग, पुलिस ने ऐसे बचाई जान

 Written By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Published : Jul 30, 2026 09:11 am IST,  Updated : Jul 30, 2026 09:57 am IST

थाईलैंड में 5 भारतीय नागरिकों ने कथित रूप से एक पाकिस्तानी के इशारे पर 3 भारतीयों की किडनैपिंग की। इसके बाद, हर एक परिवार से करीब 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी। जानें ये पूरा मामला क्या है।

थाईलैंड में तीन...- India TV Hindi
थाईलैंड में तीन पर्यटकों के अपहरण के आरोप में 5 भारतीय गिरफ्तार। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

थाईलैंड में 5 भारतीय नागरिकों को भारत के ही 3 लोगों को किडनैप करने और उनकी रिहाई के लिए फिरौती डिमांड करने के आरोप में अरेस्ट किया गया है। 'बैंकॉक पोस्ट' ने पुलिस के हवाले से कहा कि सभी 5 आरोपियों को बीते मंगलवार को बैंकॉक के क्लोंग तान के एक होटल से उस वक्त अरेस्ट किया गया, जब वे विदेश भागने की कोशिश में थे।

पाकिस्तानी नागरिक के इशारे पर हुई किडनैपिंग

बता दें कि संदिग्धों की पहचान 38 साल के अवतार सिंह, 38 साल के जगजीत सिंह, 24 साल के रामबालक कुमार, 37 साल के सुखबीर सिंह और 27 साल के कुलरा सिंह के तौर पर की गई है। आरोपियों ने जांच टीम को बताया कि उन्हें एक पाकिस्तानी नागरिक ने 3 टूरिस्ट्स को किडनैप करने का निर्देश दिया था।

'क्रिप्टोकरेंसी' के रूप में मांगी फिरौती

पकड़े गए लोगों ने ये भी बताया कि वे उस पाकिस्तानी नागरिक को बीते 1 महीने से एक 'चैट एप्लिकेशन' के जरिए से जानते थे। खबर के मुताबिक, माना जा रहा है कि इस कथित साजिशकर्ता का ठिकाना दुबई में है और उसने फिरौती की रकम 'क्रिप्टोकरेंसी' के रूप में हासिल करने की प्लानिंग की थी।

पाकिस्तानी ने किडनैपर्स को दिया था बड़ा लालच

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को इस वारदात को अंजाम देने के बाद थाईलैंड छोड़ने के लिए कीमती सामान, कैश और प्लेन का टिकट देने का प्रॉमिस किया गया था। 'द नेशन' की खबर के मुताबिक, इस केस में जांच की शुरुआत तब हुई थी, जब पीड़ितों के परिवार वालों की शिकायतों के बाद थाईलैंड में मौजूद भारतीय दूतावास ने 21 जुलाई को Chonburi Immigration Police और पटाया सिटी पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की सतर्कता से पटाया में पकड़े गए किडनैपर्स

किडनैपर्स ने किडनैप हुए हर शख्स के परिवार से 40 लाख रुपये की फिरौती की डिमांड की थी। फिर, पुलिस ने खुफिया जानकारी और सिक्योरिटी कैमरों की फुटेज के आधार पर पटाया में दो मंजिला बिल्डिंग में रेड की और तीन भारतीयों 23 साल के मोहित, 24 साल के आशीष और 20 साल के हिमांशु को बचा लिया। इससे पहले थाईलैंड में भारतीय नागरिक के रूप में गैंगस्टर साहिल चौहान को पकड़ा गया था और उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया था। साहिल चौहान NIA का वांटेड था और विदेशी धरती से कई सुपारी किलिंग करवाने में उसका नाम आ चुका था।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना ने PoK में सड़कों पर मचाया कत्लेआम, अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत कंफर्म, इंटरनेट सेवाएं बंद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश