1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. शुरू हो चुका है तीसरा विश्वयुद्ध, सीरिया के राष्ट्रपति ने किया दावा, कहा 'अमेरिका चला रहा आतंकी कैंप'

शुरू हो चुका है तीसरा विश्वयुद्ध, सीरिया के राष्ट्रपति ने किया दावा, कहा 'अमेरिका चला रहा आतंकी कैंप'

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Mar 19, 2023 11:13 pm IST,  Updated : Mar 19, 2023 11:13 pm IST

सीरिया के राष्ट्रपति बसर अल असद ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि अमेरिका सीरिया में आतंकी कैंप चला रहा है। रूस सीरिया संबंधों के बारे में पूछे जाने पर बसर अल असद ने कहा कि पिछले कुछ साल में राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठकें हमेशा महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई हैं।

सीरिया के राष्ट्रपति ने किया दावा, कहा 'अमेरिका चला रहा आतंकी कैंप'- India TV Hindi
सीरिया के राष्ट्रपति ने किया दावा, कहा 'अमेरिका चला रहा आतंकी कैंप' Image Source : AP FILE

Syria: सीरिया के राष्ट्रपति बसर अल असद ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि तीसरे विश्व युद्ध का आगाज हो चुका है। उन्होंने पश्चिमी देशों और अमेरिका की आलोचना की है और रूस का समर्थन किया है। साथ ही सीरिया के राष्ट्रपति बसर अल असद ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि अमेरिका सीरिया में आतंकी कैंप चला रहा है। रूस सीरिया संबंधों के बारे में पूछे जाने पर बसर अल असद ने कहा कि पिछले कुछ साल में राष्ट्रपति पुतिन के साथ बैठकें हमेशा महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई हैं। 

असद का दावा है कि यूक्रेन में नाजियों की सेना और सीरिया में पश्चिम समर्थित जिहादियों ने छद्म युद्ध छेड़ा हुआ है। उनका मानना है कि सिर्फ रूस और चीन के नेतृत्व वाले देशों का गठबंधन ही अमेरिकी अधिपत्य को खत्म कर सकता है। असद आर्थिक और राजनीतिक सहयोग पर चर्चा करने के लिए बुधवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए क्रेमलिन पहुंचे हुए थे। इस दौरान सीरिया में रूसी सैनिकों की मौजूदगी और भूकंप के बाद मानवीय सहायता को लेकर भी बात हुई।

शुरू हो चुका है तीसरा विश्व युद्ध

बसर अल असद से जब तीसरे विश्व युद्ध की संभावनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 'मेरा मानना है कि तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो चुका है लेकिन यह अपने स्वरूप में भिन्न है। मेरे कहने का मतलब यह है कि अतीत में विश्व युद्ध पारंपरिक हुआ करते थे। कई राज्यों की सेनाएं आपस में लड़ रही थीं। मौजूदा हालात के लिहाज से भी यह बात सही है, लेकिन आधुनिक हथियारों, खासकर परमाणु हथियारों की वजह से यह परंपरागत युद्ध से अलग है। इसलिए युद्ध अब छद्म युद्ध बनने की ओर बढ़ रहे हैं।' यही कारण है कि जेलेंस्की अब नाजियों की अपनी सेना का उपयोग करते हुए पश्चिम की ओर से युद्ध लड़ रहा है। वही काम सीरिया में पश्चिमी देशों के समर्थक आतंकी संगठन कर रहे हैं।

सीरिया में आतंकी शिविर चला रहा अमेरिका

सीरिया के अल-तन्फ में आतंकवादियों और अमेरिका के बीच कथित संबंधों पर असद ने कहा कि अल-तन्फ क्षेत्र के पास आतंकवादी समूहों के साथ हमारी सीधी मुठभेड़ हुई है। निश्चित रूप से, हम इन मुठभेड़ों और बंदियों से जानते हैं कि वे कहां से आए थे। इसमें कोई संदेह नहीं है कि अमेरिका आतंकवादियों के लिए शिविर चला रहा है जिनमें उनके परिवारों के साथ दसियों हजार लोग रहते हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश