UAE Air Defences Shooting Iran Drone: ईरान की ओर से संयुक्त अरब अमीरात पर लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। हमलों के बीच यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) ने रविवार को 16 बैलिस्टिक मिसाइल और 113 अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) को इंटरसेप्ट किया है। एयर डिफेंस ने कुल 17 बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया, 16 को नष्ट कर दिया गया और एक समुद्र में गिर गई। इस दौरान 117 ड्रोन्स का भी पता लगाया गया, 113 को इंटरसेप्ट किया गया जबकि 4 देश के कुछ इलाकों में गिरे।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी 40 सेकंड के एक ब्लैक-एंड-व्हाइट वीडियो में UAE के एयर डिफेंस को ईरानी UAV को इंटरसेप्ट करते और नष्ट करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे UAE के एयर डिफेंस नें ईरानी ड्रोन्स को नष्ट कर दिया।
UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार ईरान की ओर से किए हमलों में 238 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई है। इनमें से 221 को नष्ट किया गया है, 15 समुद्र में गिरी हैं और 2 देश के अंदर गिरी हैं। इसके अलावा कुल 1,422 ईरानी UAV का पता चला है, जिनमें से 1,342 को इंटरसेप्ट किया गया, जबकि 80 देश के इलाकों में गिरे। रक्षा मंत्रालय ने आगे कहा कि 8 क्रूज़ मिसाइलों का भी पता चला और उन्हें नष्ट कर दिया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है कि जो कोई भी बिना इजाजत के घटनास्थल, मना किए गए इलाकों या एयरपोर्ट के अंदर की तस्वीरें लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालात को देखते हुए अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों को गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है।इसमें कहा गया है, "जब आप चेतावनी का अलर्ट सुनें, तो तुरंत किसी सुरक्षित जगह पर चले जाएं और तब तक वहीं रहें जब तक आपके इलाके के लिए चेतावनी का अलर्ट हटा ना दिया जाए। फोटो खींचने/वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए बाहर जाने की कोशिश ना करें।" एम्बेसी ने कहा, "अगर आपके आसपास छर्रे गिरते हैं या कोई संदिग्ध चीज मिलती है, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।"
यह भी पढ़ें:
सऊदी अरब ने दी चेतावनी, कहा- 'अरब देशों पर जारी रहे हमले तो ईरान को होगा बड़ा नुकसान'
संपादक की पसंद