1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ओमान में दर्दनाक हादसा! भारतीयों को ले जा रही गाड़ी पलटी, एक की मौत; 9 घायल

ओमान में दर्दनाक हादसा! भारतीयों को ले जा रही गाड़ी पलटी, एक की मौत; 9 घायल

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 23, 2026 04:02 pm IST,  Updated : Aug 23, 2026 04:35 pm IST

ओमान में एक दर्दनाक हादसे में एक भारतीय की मौत हो गई है, जबकि 9 लोग घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी भारतीय एक गाड़ी में सवार थे, तभी गाड़ी अनियंत्रित हो गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

सड़क हादसे में एक भारतीय की मौत।- India TV Hindi
सड़क हादसे में एक भारतीय की मौत। Image Source : X/ROYALOMANPOLICE

इस वक्त की बड़ी खबर खाड़ी देश ओमान से सामने आ रही है, जहां सुल्तान सईद बिन तैमूर स्ट्रीट पर भारतीयों को लेकर जा रही एक गाड़ी अनियंत्रित हो गई और उसका एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जबकि 9 भारतीय घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस ने बताया कि गाड़ी में कुछ खराबी आ गई, जिस वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद यह हादसा हुआ। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज किया जा रहा है। 

सुल्तान सईद बिन तैमूर स्ट्रीट पर हुआ हादसा

पुलिस ने बताया कि ओमान में सड़क से गाड़ी के उतर जाने के कारण एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। यह घटना शनिवार को सुल्तान सईद बिन तैमूर स्ट्रीट पर हुई, जब गाड़ी सड़क से हटकर दूसरी तरफ चली गई। रॉयल ओमान पुलिस ने 'X' पर एक पोस्ट में बताया कि पुलिस एयर विंग ने दो घायलों को अल हेमा गवर्नरेट से निज़वा अस्पताल पहुंचाने के लिए एक ऑपरेशन चलाया।

घायलों को निजवा अस्पताल में कराया गया भर्ती

पोस्ट में कहा गया, "इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और भारतीय मूल के नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें बाद में इलाज के लिए एम्बुलेंस से निज़वा अस्पताल ले जाया गया।" पुलिस ने दुर्घटना के कारण के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। खलीज टाइम्स ने पहले खबर दी थी कि अधिकारियों ने आंधी-तूफान, भारी बारिश और उड़ती धूल के कारण हाईवे पर कम विजिबिलिटी (साफ़ न दिखाई देने) की चेतावनी दी थी।

रॉयल ओमान पुलिस ने दी हादसे की जानकारी

रॉयल ओमान पुलिस ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, "रॉयल ओमान पुलिस एयर विंग ने सुल्तान सईद बिन तैमूर स्ट्रीट पर एक गाड़ी के खराब होकर सड़क से उतर जाने के बाद, दो घायल लोगों को अल हेमा गवर्नरेट से निज़वा अस्पताल पहुंचाने के लिए एक ऑपरेशन चलाया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और भारतीय मूल के नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें बाद में इलाज के लिए एम्बुलेंस से निज़वा अस्पताल ले जाया गया।" (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की मौत, घर में मिला चारों का शव; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश