1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. जान पर खतरे के बावजूद 'लॉन्ग मार्च' को संबोधित करूंगा, पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान का बयान, सरकार की चेतावनियों को किया दरकिनार

जान पर खतरे के बावजूद 'लॉन्ग मार्च' को संबोधित करूंगा, पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान का बयान, सरकार की चेतावनियों को किया दरकिनार

 Edited By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Nov 26, 2022 02:17 pm IST,  Updated : Nov 26, 2022 03:52 pm IST

Pakistan Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान रावलपिंडी में लॉन्च मार्च निकालने वाले हैं। उन्हें सरकार ने चेतावनी दी है कि वह ऐसा न करें क्योंकि उनकी जान को खतरा है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान- India TV Hindi
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान Image Source : AP

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि अपनी जान पर खतरे के बावजूद वह शनिवार को उनकी पार्टी द्वारा पूर्व निर्धारित विशाल रैली को संबोधित करने रावलपिंडी जाने के लिए अडिग हैं। उन्होंने यह कहते हुए लोगों से इस रैली में रावलपिंडी पहुंचने का आह्वान किया कि यह देश के लिए ‘‘निर्णायक वक्त’’ है। खान रावलपिंडी में अपने समर्थकों को संबोधित करने वाले हैं। उन्होंने कहा है कि नए आम चुनाव की मांग को लेकर उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) का यह प्रदर्शन ‘‘पूरी तरह शांतिपूर्ण’’ होगा।

गत तीन नवंबर को खान पर जानलेवा हमला हुआ था और उन्हें गोली लगी थी। वह फिलहाल आराम कर रहे हैं। डॉन अखबार के अनुसार, 70 साल के इमरान खान ने शुक्रवार को कहा कि घायल होने के बावजूद वह देश की खातिर रावलपिंडी जाने के लिए अडिग हैं। जियो न्यूज चैनल के अनुसार खान ने कहा, ‘‘कल (मैं) रावलपिंडी जा रहा हूं क्योंकि यह देश के लिए निर्णायक वक्त है। हम एक ऐसा देश बनना चाहते हैं, जिसके सपने कायदे आजम और अल्लामा इकबाल ने देखे थे।’’

एहतियात बरतने की बात कही

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके ऊपर अब भी खतरा है लेकिन वह एहतियात बरतेंगे। पीटीआई की पंजाब इकाई ने ‘‘लॉन्ग मार्च’’ की अपनी तैयारी पूरी कर ली है और उसने योजना बनाई है कि रावलपिंडी की ओर दो अलग-अलग काफिले कूच करेंगे। इस बीच, गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने शुक्रवार को कहा कि रैली का कोई तुक नहीं है और खान को इसमें शामिल नहीं होना चाहिए क्योंकि उनकी जान को खतरा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश