द हेग: नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम के व्यस्त सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार सुबह चाकूबाजी की घटना में 2 लोग घायल हो गए। डच पुलिस ने बताया कि कथित हमलावर को गोली मारी गई और वह घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलियां चलने की आवाज के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी फैल गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेल टर्मिनस से हजारों यात्रियों को बाहर निकाला गया। अभी तक इस घटना का आतंकवाद से किसी भी तरह के संबंध का पता नहीं चला है।
Related Stories
डच पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ‘एम्सटर्डम सेंट्रल स्टेशन पर चाकूबाजी की घटना के बाद एक संदिग्ध को गोली मार दी गई।’ पुलिस ने बताया कि घटना के मद्देनजर दो प्लेटफार्म की घेराबंदी कर दी गई थी। दो घंटे बाद इसे खोल दिया गया। स्टेशन के बाहर पुलिस की गई गाड़ियां और एंबुलेंस लगी हुई नजर आई। पुलिस ने डच मीडिया को बताया कि हमलावर के इरादे का पता नहीं चल पाया लेकिन बाद में ट्वीट किया कि सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। पुलिस ने प्रत्यक्षदशियों से आगे आने की अपील की है।
एम्सटर्डम पुलिस ने बताया कि घायल 2 लोगों और चाकू चलाने वाले संदिग्ध हमलावर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी स्थिति के बारे में नहीं बताया गया। प्रधानमंत्री मार्क रूट ने अपने वीकली प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का उल्लेख नहीं किया। एम्सटर्डम इन्फो ट्रैवल गाइड की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक सेंट्रल स्टेशन से हर दिन तकरीबन 2,50,000 लोग यात्रा करते हैं।