1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. इटली के नाइटक्लब में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

इटली के नाइटक्लब में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 08, 2018 02:30 pm IST,  Updated : Dec 08, 2018 02:30 pm IST

मध्य इटली के एनकोना के नजदीक स्थित एक नाइटक्लब में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत हो गई।

Several killed and dozens wounded after nightclub stampede in Italy | AP- India TV Hindi
Several killed and dozens wounded after nightclub stampede in Italy | AP

रोम: मध्य इटली के एनकोना के नजदीक स्थित एक नाइटक्लब में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार संदेह है कि किसी ने वहां पेपर स्प्रे जैसे पदार्थ का इस्तेमाल किया था, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। विभाग ने ट्विटर पर एक बयान में कहा कि तेज गंध फैलने से लोगों में भगदड़ मच गई। दुखद है कि भगदड़ में 6 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

मीडिया खबरों के अनुसार मृतकों में 3 लड़कियां और 2 लड़के शामिल हैं जो 18 वर्ष से कम आयु के हैं। इसके अलावा अपनी बेटी के साथ कॉन्सर्ट में आई एक महिला की भी हादसे में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घायलों में से 12 की हालत गंभीर है। चश्मदीदों ने बताया कि जान बचाने के लिए कुछ लोग एक छोटी दीवार से कूदे लेकिन वहां भीड़ से दबकर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एड्रिएटिक तट स्थित ‘ब्लू लैंटर्न क्लब’ में इटली के रैपर सफेरा एब्बास्ता की प्रस्तुति देखने के लिए करीब 1,000 लोग मौजूद थे। घटना अंतरराष्ट्रीय समयानुसार देर रात करीब 12 बजे हुई।

अस्पताल ले जाए गए 16 वर्षीय एक किशोर ने मीडिया से कहा, ‘हम नाच रहे थे और कंसर्ट शुरू होने का इंतजार कर रहे थे, तभी हमें वहां कोई तेज गंध महसूस हुई। हम एक आपात द्वार की ओर दौड़े लेकिन वह जाम था और बाउंसर ने हमें वापस जाने को कहा।’ 8 लोगों को पेपर स्प्रे जैसा कुछ पदार्थ छिड़कने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। वे वहां मौजूद लोगों का सामना चुराना चाहते थे। ऐसी ही एक घटना में वर्ष 2017 में तुरीन में चैंपियंस लीग फुटबॉल के फाइनल मैच के दौरान बम की अफवाह फैलने से मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि 1500 अन्य लोग घायल हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश