1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. दुनिया की सबसे अमीर महिला लिलियन बेटनकोर्ट का निधन, इस कंपनी की थीं वारिस

दुनिया की सबसे अमीर महिला लिलियन बेटनकोर्ट का निधन, इस कंपनी की थीं वारिस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 22, 2017 04:30 pm IST,  Updated : Sep 22, 2017 04:30 pm IST

2 लाख 60 हजार करोड़ रुपये की मालकिन और दुनिया की सबसे अमीर महिला लिलियन बेटनकोर्ट का 94 साल की उम्र में निधन हो गया...

Liliane Bettencourt- India TV Hindi
Liliane Bettencourt | AP File Photo

पेरिस: सौंदर्य प्रसाधन बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी लॉरियल की वारिस लिलियन बेटनकोर्ट का निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने गुरुवार की रात घर में ही आखिरी सांस ली। साल 2017 में उनकी कुल संपत्ति 40 अरब डॉलर (लगभग 2 लाख 60 हजार करोड़ रुपये) होने का अनुमान लगाया गया था। वह दुनिया की सबसे अमीर महिला थीं। इसके अलावा वह दुनिया की 14वीं सबसे अमीर शख्सियत भी थीं। उन्‍हें मैडम लॉरियल के नाम से भी जाना जाता था। बेटनकोर्ट के परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है।

उन्होंने वर्ष 2012 में कंपनी का बोर्ड छोड़ दिया था और उसके बाद उन्हें सार्वजनिक तौर पर कम ही देखा गया लेकिन वह उम्र बढ़ने की वजह से भूलने की बीमारी का पता चलने के बाद शोषण मामले के कारण सुर्खियों में रहीं। कंपनी के चेयरमैन और CEO जीन पॉल एगॉन ने कहा, ‘हम लिलियन बेटनकोर्ट को हमेशा सराहते रहे। वह हमेशा ही लॉरियल, कंपनी और इसके कर्मचारियों से जुड़ी रहीं। लिलियन का कंपनी की सफलता में योगदान रहा है। सौंदर्य से परिपूर्ण महिला हमें छोड़कर चली गई और हम उन्हें कभी नहीं भूलेंगे।’ वर्ष 1952 में अपने पिता की मृत्यु के बाद उन्होंने लॉरियल की बागड़ोर संभाली थी।

पेरिस में पैदा हुई थीं बेटनकोर्ट

लिलियन बेटनकोर्ट का जन्‍म 1922 में पेरिस में हुआ था। उनके पिता का नाम इयूजिन शूलर और माता का नाम लुई मैडलीन बर्थ था। वह अपने माता-पिता की एकलौती संतान थीं। उन्‍होंने 1957 में अपने पिता की मृत्‍यु होने के बाद कंपनी को संभाला था। लिलियन ने लॉरियल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। कंपनी के मुताबिक, दुनियाभर में 89 हजार लोग कंपनी के साथ काम करते हैं.

बेटनकोर्ट की बीमारी का ‘फायदा’ उठाया गया
लिलियन बेटनकोर्ट का नाम फ्रांस के एक बड़े स्‍कैंडल से भी जुड़ा था। इस स्‍कैंडल को 'बेटनकोर्ट अफेयर' के नाम से जाना जाता है। इस स्कैंडल में कुल 8 लोगों को डिमेंशिया (भूलने की बीमारी) से जूझ रहीं लिलियन की खराब सेहत का फायदा उठाने का दोषी पाया गया था। फ्रांस के पूर्व राष्‍ट्रपति निकोलस सरकोजी के करीबी का नाम भी इस मामले में सामने आया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश