मॉस्कोः रूस की राजधानी मॉस्को के एयरपोर्ट से एक दिल दहला देने वाला वीडिया सामने आया है। यहां एक व्यक्ति 18 महीने के ईरानी बच्चे को उठाकर मॉस्को के हवाई अड्डे के आगमन हॉल में ज़ोर से फर्श पर पटक देता है। इसके बाद वह व्यक्ति खुद को सामान्य दिखाने का प्रयास करता है। ताकि पकड़ा नहीं जाए। मगर उसे सुरक्षा बल पकड़ लेते हैं और पूछताछ के लिए ले जाते हैं। मगर फर्श पर पटके जाने से 18 महीने का मासूम कोमा में चला जाता है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ईरान में बमबारी के चलते जान बचाने मां के साथ रूस आया था बच्चा
इस बच्चे की खोपड़ी और रीढ़ की हड्डी में काफी गंभीर चोटें आई हैं। वह कोमा में है और अपनी जान बचाने के लिए लड़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बच्चा अपनी माँ के साथ ईरान में बमबारी से भागकर रूस आया था। वीडियो में दिखाया गया है कि यह छोटा बच्चा अपने ट्रॉली बैग के हैंडल को पकड़े हुए है और कुछ नहीं कर रहा है। उसके पीछे एक आदमी खड़ा है, जिसने अपना काला चश्मा माथे पर रखा हुआ है और हाथ जेब में हैं। सफेद टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने यह व्यक्ति चारों ओर देखता है कि कोई देख तो नहीं रहा, फिर पास जाकर बच्चे को उठाता है और ज़ोर से फर्श पर पटक देता है।
गर्भवती मां कुछ लेने गई थी
बच्चे को व्यक्ति ने उस वक्त फर्श पर पटकने का मौका पा गया, जब उसकी गर्भवती मां बच्चे के लिए कुछ लेने गई थी। बच्चा ट्रॉली बैग पकड़े एयरपोर्ट पर खड़ा था। ईरान दूतावास ने एक पोस्ट में कहा, "मॉस्को हवाई अड्डे पर एक यात्री ने एक ईरानी बच्चे को बुरी तरह फर्श पर पटक दिया। उसका परिवार इजरायली आक्रामकता के कारण यहां आया था। मगर उस पर क्रूरता से हमला किया। बच्चा कोमा में है और उसको गंभीर चोटें हैं।" वीडियो में दिखाया गया है कि एक आदमी घायल बच्चे को उठाने के लिए दौड़ा। हमला उस वक्त हुआ जब बच्चे की गर्भवती मां उड़ान के आगमन के बाद शेरमेतिवो हवाई अड्डे पर बच्चे के लिए कुछ लेने गई थी।
कौन था हमलावर?
हमलावर की पहचान बेलारूस के 31 वर्षीय व्लादिमीर विटकोव के रूप में हुई है। सुरक्षा फुटेज में वह बच्चे को उसके सूटकेस के पास ध्यान से देखता हुआ दिख रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे नस्लीय या कोई अन्य प्रेरणा थी। इस घटना के बाद इस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है, और संदेह है कि वह नशे की हालत में था।