1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. युद्ध में कूदने को आतुर लुकाशेंको को लगा परमाणु हमले से डर, पुतिन से बोले- दुनिया खत्म हो जाएगी, विनाश सिर्फ यूक्रेन में नहीं होगा

युद्ध में कूदने को आतुर लुकाशेंको को लगा परमाणु हमले से डर, पुतिन से बोले- दुनिया खत्म हो जाएगी, विनाश सिर्फ यूक्रेन में नहीं होगा

 Written By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Oct 16, 2022 03:04 pm IST,  Updated : Oct 16, 2022 03:16 pm IST

Alexander Lukashenko on Nuclear Weapons: बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा है कि परमाणु हमले से केवल यूक्रेन नहीं बल्कि पूरी दुनिया नष्ट हो जाएगी।

Belarus President Alexander Lukashenko- India TV Hindi
Belarus President Alexander Lukashenko Image Source : AP

Highlights

  • परमाणु हमले पर बोले एलेक्जेंडर लुकाशेंको
  • पुतिन के करीबी हैं बेलारूस के राष्ट्रपति
  • युद्ध में रूस का समर्थन कर रहा है बेलारूस

Alexander Lukashenko on Nuclear Weapons: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चेतावनी देने हुए साफ कह चुके हैं कि अगर जरूरत पड़ी तो उनका देश परमाणु हमला करने से पीछे नहीं हटेगा। इससे न केवल पश्चिमी देश और नाटो बल्कि पूरी दुनिया चिंतित हो गई थी। अब इस मामले में पुतिन के करीबी सहयोगी और बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको ने चेतावनी देते हुए कहा है कि हालांकि रूसी राष्ट्रपति की परमाणु हथियारों को इस्तेमाल करने की कोई योजना नहीं है। उन्हें अगर अलग-थलग किया गया, तो वह अपना रास्ता खोज लेंगे। कुछ दिन पहले ही लुकाशेंको ने देश की पश्चिमी सीमा पर रूस के साथ जॉइंट टेस्ट फोर्स का ऐलान कर दिया था। बेलारूस खुलेआम यूक्रेन के खिलाफ रूस का समर्थन कर रहा है। और वह ऐसा करते हुए पश्चिमी देशों की चेतावनियों को भी दरकिनार कर रहा है। 

एनबीसी न्यूज को शुक्रवार को दिए एक इंटरव्यू में लुकाशेंको ने कहा कि अगर यूक्रेन ने कुछ सीमाओं को पार किया, तो पुतिन पूर्वी यूरोपीय देश पर अपना सबसे बड़ा हमला कर सकते हैं। बेलारूस के राष्ट्रपति ने रूस के उन हालियों मिसाइल हमलों का हवाला दिया था, जिसमें यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई शहरों को निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि अगर रूस को अलग-थलग किया, तो इसी तरह के और हमले भी हो सकते हैं।

केवल यूक्रेन में ही नहीं मचेगी तबाही

लुकाशेंको ने कहा कि रूस के पास सबसे आधुनिक हथियार हैं और उसे युद्ध जीतने के लिए परमाणु हथियारों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका ये मानना है कि परमाणु हमले का डर केवल राजनीति से प्रेरित है, और अगर ऐसा है, तो इससे तबाही होगी और यूक्रेन अकेला इसका शिकार नहीं बनेगा। यूक्रेनी क्षेत्रों पर रूस के कब्जे, क्रीमिया ब्रिज पर बमबारी और कीव पर हुए हमले, वो घटनाएं हैं, जिन्होंने बीते करीब 8 महीने से जारी इस युद्ध में तनाव काफी बढ़ा दिया है।

परमाणु हमले से हो जाएगा धरती का अंत

पुतिन के करीबी दोस्त लुकाशेंको ने चेतावनी देते हुए कहा कि परमाणु हमला हमारे ग्रह का अंत होगा। अगर एक देश भी परमाणु हथियार का इस्तेमाल करता है, तो इससे कई प्रतीक्रियाएं पैदा होंगी। हालांकि विशेषज्ञों का ऐसा मानना है कि बेलारूस के राष्ट्रपति ने ये बयान केवल डराने के लिए जारी किया है। इससे पहले पुतिन ने एक बयान में कहा था कि वह यूक्रेन को नष्ट करना नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि वह बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन यूक्रेन खुद ही शांति नहीं चाहता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश