1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. कब रुकेगी ये जंग! बौखलाए रूस ने यूक्रेन पर किया बड़ा मिसाइल अटैक, 31 लोग आए जद में, हुई कई मौतें

कब रुकेगी ये जंग! बौखलाए रूस ने यूक्रेन पर किया बड़ा मिसाइल अटैक, 31 लोग आए जद में, हुई कई मौतें

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Aug 08, 2023 07:29 am IST,  Updated : Aug 08, 2023 07:29 am IST

पूर्वी यूक्रेन के शहर पोक्रोव्स्क में रूस ने मिसाइल हमले किए हैं। इस घटना का वीडियो खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जारी किया है।

 बौखलाए रूस ने यूक्रेन पर किया बड़ा मिसाइल अटैक- India TV Hindi
बौखलाए रूस ने यूक्रेन पर किया बड़ा मिसाइल अटैक Image Source : FILE

Russia Ukraine War News: रूस और यूक्रेन की जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। यूक्रेन ने जबसे पलटवार करना शुरू कर दिया है, रूस और ज्यादा बौखला गया है। बौखलाए रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर जोरदार हमला किया है। रूस के बड़े मिसाइल अटैक से मानो यूक्रेन के लोगों पर वज्रपात हो गया। इस मिसाइल हमले की जद में 31 लोग आए और हताहत हुए, वहीं कई मौतों की भी खबर है।

जानकारी के अनुसार रूस और यूक्रेन के बीच जंग को डेढ़ साल बीत रहे हैं। लेकिन जंग उसी तेजी के साथ जारी है। इसी बीच शांति वार्ताएं भी हो रही हैं कि कैसे भी इस जंग को रोका जाए। इसी कड़ी में सउदी अरब के जेद्दा में भी हाल ही में एक शांति वार्ता संपन्न हुई, जिसमें यूक्रेन के ​राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शांति का 10 सूत्रीय फॉर्मूला भी दिया। लेकिन इस शांति वार्ता में रूस शामिल नहीं हुआ। 

जेलेंस्की ने खुद जारी किया हमले का वीडियो

ताजा हमले में पूर्वी यूक्रेन के शहर पोक्रोव्स्क में रूस ने मिसाइल हमले किए हैं। शहर की एक आवासीय इमारत को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 5 लोगों की मौत हो गई वहीं, 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना का वीडियो खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जारी किया है। उन्होंने इस हमले की कड़ी निंदा की है। राष्ट्रपति  जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को ने एक साधारण आवासीय इमारत पर हमला किया है। उन्होंने सोवियत-युग की एक 5 मंजिला इमारत का फुटेज भी जारी किया। इस इमारत की ऊपरी मंजिल नष्ट हो गई है। हमले के बाद बचाव अभियान जारी है। अपने पोस्ट नें जेलेंस्की ने लिखा है कि मलबा अभी भी साफ किया जा रहा है और "खोज एवं बचाव अभियान जारी है। 

वीडियो में दिखी तबाही, चारों ओर पड़ा मलबा, कराह रहे लोग

रूस द्वारा किए गए हमले के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह इमारत को निशाना बनाया गया। चारों ओर इमारतों का मलबा गिरा पड़ा है। आग के बीच काला धुआं उठ रहा है, लोग बदहवास से इधर उधर दौड़ रहे हैं, कुछ लोग घायल पड़े कराह रहे हैं, जिन्हें लोग और बचावदल के जवान रेस्क्यू कर रहे हैं।

रूसी आतंक को रोकना होगा: जेलेंस्की

जेलेंस्की ने इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही कहा कि हमें रूसी आतंक को रोकना होगा। दुनिया में जो भी यूक्रेन की मदद करेगा, वह हमारे साथ मिलकर आतंकवादियों को हराएगा। इस भयानक युद्ध में रूस ने जो कुछ भी किया है उसके लिए उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा। यूक्रेन के एक मंत्री इगोर क्लिमेंको ने भी इस हमलों के बारे में टेलीग्राम पर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इसमें पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, दूसरे हमले में डोनेत्सक क्षेत्र के एक उच्च पदस्थ आपातकालीन अधिकारी की मौत हो गई। इन हमलों में 31 लोग घायल हो गए। इनमें 19 पुलिस अधिकारी, पांच बचावकर्मी और एक बच्चा शामिल है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश