1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. इधर पुतिन के देश पहुंचे किम जोंग, उधर उत्तर कोरिया ने फायर की बैलिस्टिक मिसाइल, जापान से आया ये रिएक्शन

इधर पुतिन के देश पहुंचे किम जोंग, उधर उत्तर कोरिया ने फायर की बैलिस्टिक मिसाइल, जापान से आया ये रिएक्शन

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Sep 13, 2023 10:25 am IST,  Updated : Sep 13, 2023 10:25 am IST

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुला​कात के लिए मॉस्को पहुंचे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच हथियार सप्लाई को लेकर बातचीत हो सकती है। इसी बीच उत्तर कोरिया ने एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल दाग दी है। इस पर जापान की ओर से बड़ा रिएक्शन आया है।

किम जोंग- India TV Hindi
किम जोंग Image Source : PTI

North korea Missile Test: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ऐतिहासिक यात्रा पर रूस पहुंच गए। पुतिन से मिलने के लिए किम जोंग रूस पहुंचे और इधर उत्तर कोरिया ने फिर बैलिस्टिक मिसाइल दाग दी है। जापान के आसपास के इलाके में उत्तर कोरिया लगातार मिसाइलें दागकर दहशत फैला रहा है। इस बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल दागकर उत्तर कोरिया ने अपने इरादे जाहिर किए हैं। इस पर जापान की ओर से बड़ा रिएक्शन आया है। 

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंगे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए खास बख्तरबंद ऐतिहासिक ट्रेन से रूस के दौरे पर मॉस्को पहुंचे हैं। वहीं दूसरी ओर उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। इस संबंध में जापान के प्रधानमंत्री ऑफिस की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया गया, जिसमें उत्तर कोरिया द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च करने की जानकारी दी गई है। जापान के पीएमओ  की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि' 'उत्तर कोरिया ने एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है।' फिलहाल, इस मिसाइल के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। जापान के तटरक्षकों ने बताया कि उत्तर कोरिया की तरफ से दो मिसाइलें दागी गई, जो समुद्र में जाकर गिरी।

इलाके में दबदबे के लिए उत्तर कोरिया फायर करता है मिसाइल

उत्तर कोरिया इस इलाके में दहशत फैलाने और अपने दबदबे को दिखाने के लिए अक्सर मिसाइल दागने की कार्रवाई करता है। इस बार ही नहीं, इससे पहले भी उत्तर कोरिया ने कई बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है। इसी महीने अमेरिका-दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास के बीच उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। ऐसा बताया गया कि उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास के विरोध में ऐसा किया था। अगस्त केअगस्त में भी उत्तर कोरिया द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च करने का दावा किया था। जुलाई में भी जापान ने उत्तर कोरिया द्वारा पीले सागर में कई क्रूज मिसाइले दागने का दावा किया था। 

2022 से अब तक करीब 100 मिसाइलें लॉन्च कर चुका है उत्तर कोरिया 

उत्तर कोरिया ने साल 2017 में परमाणु मिसाइल कार्यक्रम पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए इस साल कई मिसाइलें लॉन्च की है। साल 2022 की शुरुआत के बाद से लगभग 100 मिसाइल लॉन्च की गईं। बता दें कि उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिलने के लिए मॉस्को पहुंचे हैं। यहां उनका औपचारिक स्वागत हुआ। पिछले करीब 4 वर्षों में किम जोंग की यह पहली रूस विजिट है। वे अपनी ऐतिहासिक बख्तरबंद ट्रेन से लाव लश्कर के साथ मॉस्को पहुंचे हैं। खास बात यह है कि जिस ट्रेन से वे रूस गए हैं, वह ​रूस की ओर से ही उत्तर कोरिया को गिफ्ट की गई थी। रूस के नेता स्टालिन ने किम जोंग उन के पिता को यह ट्रेन दी थी। अब उसी ट्रेन में बैठकर किम रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे हैं। 

हथियारों को लेकर हो सकता है समझौता

किम जोंग और पुतिन के बीच बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा समझौतों पर बात बन सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तर कोरिया रूस को यूक्रेन युद्ध में हथियार सप्लाई कर सकता है। क्योंकि रूस ने ही उत्तर कोरिया से हथियारों की सप्लाई करने के लिए कहा था। अमेरिका ने तो यहां तक दावा किया है कि इससे पहले भी उत्तर कोरिया ने रूस की ओर से लड़ने वाले वैगनर लड़ाकों के लिए हथियारों की सप्लाई की थी। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई सोइगु ने भी बीते महीने उत्तर कोरिया का दौरा किया था। उसी दौरे में पुतिन और किम जोंग के मिलने की पटकथा लिखी गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश