1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. 'पिछले 12 साल में 35 गुना बढ़ा एक्सपोर्ट और भारत बना दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता', PM मोदी ने पेरिस में गिनाईं अपनी सरकार की उपलब्धियां

'पिछले 12 साल में 35 गुना बढ़ा एक्सपोर्ट और भारत बना दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता', PM मोदी ने पेरिस में गिनाईं अपनी सरकार की उपलब्धियां

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 18, 2026 10:10 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 10:31 pm IST

अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए PM मोदी ने बताया कि पिछले 12 साल में देश का निर्यात 35 गुना तक बढ़ गया है। वहीं, भारत में मोबाइल बनाने वाली यूनिट्स में 100 गुना की बढ़ोतरी हुई है। जानें प्रधानमंत्री मोदी ने क्या-क्या बताया।

पेरिस के संबोधन में PM...- India TV Hindi
पेरिस के संबोधन में PM मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। Image Source : BJP@X

PM Modi Paris Speech: फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए PM मोदी ने भारत में अपनी 12 साल की सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं। PM मोदी ने कहा कि आज से 50 या 100 साल बाद जब इस कालखंड की समीक्षा होगी, तब ये बात उभर कर सामने आएगी कि इस कालखंड को भारत की आकांक्षाओं ने ड्राइव किया। आज का भारत, भविष्य का पूरा Ecosystem बना रहा है। भारत एक साथ हर उस क्षेत्र में निवेश कर रहा है, जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेगा।

अपने जीवन को नेक्स्ट लेवल पर ले जाना चाहते हैं भारत के लोग

PM मोदी ने कहा कि ये भारत की आकांक्षाओं का नया युग है। जहां बिजली पहुंची है वहां लोग सिर्फ बिजली नहीं चाहते, स्मार्ट लिविंग चाहते हैं। जहां रेल पहुंची है, वहां लोग हाई स्पीड कनेक्टिविटी चाहते हैं। जहां हाइवे पहुंचा है वहां लोग वर्ल्ड क्लास एक्सप्रेसवे चाहते हैं। जहां इंटरनेट पहुंचा वहां लोग एआई और डिजिटल इनोवेशन में नेतृत्व चाहते हैं। आज भारत के लोग अपने जीवन को नेक्स्ट लेवल पर ले जाना चाहते हैं और भारत को भी नेक्स्ट लेवल पर ले जाना उनका संकल्प है।

लोकतंत्र की ताकत ने एक चाय वाले को यहां तक पहुंचाया

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आज मैं ऐसे समय में फ्रांस आया हूं, जब कुछ ही दिन पहले हमारी सरकार के 12 साल पूरे हुए हैं। चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 साल तक देश की सेवा करना मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। ये भारत के लोकतंत्र की शक्ति है, जिसने एक चाय वाले को यहां तक पहुंचा दिया।

पिछले 12 साल में 35 गुना बढ़ा भारत का निर्यात

PM मोदी ने बताया कि पिछले 12 साल में भारत का एक्सपोर्ट 35 गुना बढ़ गया है। देश में मोबाइल बनाने वाली यूनिट्स में 100 गुना की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है, जिससे भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल बनाने वाला देश बन गया है। इस तेजी से हो रही तरक्की और विकास की वजह से, भारत अब सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

बीते 12 साल में भारत का GDP दोगुना हुआ है। Airports की संख्या दोगुनी हुई है। Universities की संख्या भी दोगुनी हो गई है। Highway Construction की स्पीड तीन गुना बढ़ गई। Metro Network चार गुना बड़ा हो गया है: PM मोदी

गरीबी से बाहर निकले 25 करोड़ लोग

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, 'आज भारत की कहानी सिर्फ Economic Progress की कहानी नहीं है। ये Social Transformation की भी कहानी है। पिछले 12 साल में देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।'

ये भारत की आकांक्षाओं को नई बुलंदी देने का काल

PM मोदी ने कहा कि इन 12 वर्षों की उपलब्धियों में एक उपलब्धि ऐसी भी है जिसे किसी आंकड़े से या अंक से नहीं मापा जा सकता, वो है 140 करोड़ भारतीयों का आत्मविश्वास। आज का भारत और आज के भारत का युवा बहुत बड़े सपने देख रहा है। भारत का किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं। इसलिए ये सिर्फ उपलब्धि के 12 साल नहीं हैं, ये भारत की आकांक्षाओं को नई बुलंदी देने का काल रहा है।

ये भी पढ़ें- 'AI का मतलब ऑल इनक्लूसिव, सभी को साथ लेकर चलें', पेरिस से PM मोदी ने दुनिया को दिया नया मंत्र

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश