PM Modi Netherlands visit Live: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रॉयल पैलेस में नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर तथा रानी मैक्सिमा से मुलाकात की और डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, फिनटेक एवं समुद्री अर्थव्यवस्था में घनिष्ठ सहयोग पर चर्चा की। स्वीडन, नॉर्वे और इटली सहित पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत मोदी शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात में संक्षिप्त ठहराव के बाद नीदरलैंड पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''महल में महामहिम राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से मुलाकात हुई। प्रौद्योगिकी, नवाचार, सतत विकास, वाणिज्य और जल संसाधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत-नीदरलैंड मित्रता को बढ़ावा देने पर विचारों का आदान-प्रदान करना अद्भुत रहा।'' मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड ''साझा हितों एवं भविष्य के लिए तैयार ग्रह के निर्माण में साझा विश्वास से जुड़े हुए हैं।'' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''उन्होंने भारत और नीदरलैंड के बीच बढ़ती साझेदारी पर चर्चा की।''
उन्होंने कहा, ''दोनों पक्षों ने स्थिरता, जलवायु कार्रवाई, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, फिनटेक और समुद्री अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में घनिष्ठ सहयोग पर ध्यान दिया।'' दोनों पक्षों ने भारत-नीदरलैंड संबंधों को और मजबूत करने के प्रति प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इससे पहले दिन में, मोदी ने हेग में भारतीय समुदाय के लोगों की एक सभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने भारत को ''अवसरों की भूमि'' बताया जो ''अभूतपूर्व परिवर्तन'' से गुजर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी की 15 से 17 मई तक की नीदरलैंड यात्रा इस यूरोपीय देश की उनकी दूसरी यात्रा है। अधिकारियों ने इस यात्रा को भारत-नीदरलैंड संबंधों में एक ''महत्वपूर्ण मोड़'' बताया है। इससे पहले उन्होंने 2017 में नीदरलैंड की यात्रा की थी। भारत और नीदरलैंड ने हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश और जल, कृषि तथा स्वास्थ्य के प्राथमिकता वाले पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर अपने सहयोग का काफी विस्तार किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और समुद्री क्षेत्र सहित रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी में वृद्धि हुई है।
बता दें कि पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में लगभग ढाई घंटे तक रुके थे। इसके बाद वह नीदरलैंड रवाना हुए। अबू धाबी में पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ वार्ता की। दोनों नेताओं की बातचीत के बाद भारत और UAE के बीच स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप एग्रीमेंट पर अहम समझौते हुए। इस समझौते के तहत भारत और UAE डिफेंस सेक्टर, साइबर सिक्योरिटी, काउंटर टेररिज़्म और इनोवेशन के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा, UAE भारत के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिज़र्व को बढ़ाने में भी मदद देगा।