1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस-यूक्रेन के बीच पूरी रात चली भीषण जंग, ड्रोन और मिसाइल हमलों में 4 लोगों की मौत

रूस-यूक्रेन के बीच पूरी रात चली भीषण जंग, ड्रोन और मिसाइल हमलों में 4 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jul 26, 2025 06:17 pm IST,  Updated : Jul 26, 2025 06:17 pm IST

रूस और यूक्रेन के बीच पूरी रात भीषण जंग हुई। इस दौरान रूसी सेना ने यूक्रेन के शहरों पर 208 ड्रोन से हमला किया। साथ ही 27 मिसाइलें गिराई। यूक्रेन ने भी जवाबी हमला किया। दोनों तरफ 2-2 लोगों की मौत हो गई।

ड्रोन हमले से ध्वस्थ यूक्रेन की इमारत। (फाइल)- India TV Hindi
ड्रोन हमले से ध्वस्थ यूक्रेन की इमारत। (फाइल) Image Source : PTI

मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक बार फिर तीव्र रूप ले लिया है। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर शुक्रवार रात भीषण हवाई हमले किए, जिनमें दोनों ओर दो-दो नागरिकों की मौत हो गई। इसके अलावा कई क्षेत्रों में संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।

यूक्रेन के इन शहरों में मची तबाही

यूक्रेन के दक्षिणी निप्रो और उत्तर-पूर्वी सूमी क्षेत्रों में रॉकेट और ड्रोन से संयुक्त हमला किया गया। निप्रो क्षेत्रीय प्रशासन प्रमुख सेरही लिसाक के अनुसार वहां दो लोगों की जान गई और पांच घायल हुए। निप्रो शहर में हमले से एक बहुमंजिला इमारत, व्यवसायिक परिसर और शॉपिंग सेंटर क्षतिग्रस्त हो गया, जहां आग भी लग गई। सूमी में भी तीन लोग घायल हुए हैं। 

खारकीव में भी बरसे बम

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में भी रातभर तीन घंटे तक लगातार बमबारी होती रही। इनमें चार निर्देशित हवाई बम, दो बैलिस्टिक मिसाइलें और 15 ड्रोन शहर पर दागे गए। खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने टेलीग्राम पर बताया कि हमले में आवासीय इमारतें, स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठान, सड़कें और संचार नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुए।

रूस ने रात भर में बरसाए 208 ड्रोन और 27 मिसाइलें

यूक्रेनी वायु सेना की रिपोर्ट के अनुसार रूस ने रात भर में 208 ड्रोन और 27 मिसाइलें दागीं। इनमें से 183 ड्रोन और 17 मिसाइलों को यूक्रेन की वायु रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली ने नष्ट या अवरुद्ध करने का दावा दिया। हालांकि 10 मिसाइलों और 25 ड्रोन नौ विभिन्न स्थानों पर निशाना बनाने में सफल रहे। 

रूस पर यूक्रेन ने भी किया हमला

दूसरी ओर रूस के रोस्तोव क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई। यह क्षेत्र यूक्रेन सीमा के नजदीक है। स्टावरोपोल, मॉस्को, पेन्जा, ब्रांस्क, क्रीमिया, तुला, ओरलोव, और बेलगोरोद क्षेत्रों में भी ड्रोन हमले हुए। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उनके सुरक्षा बलों ने कुल 54 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए या निष्क्रिय कर दिए। इनमें से ब्रांस्क में 24, रोस्तोव में 12, क्रीमिया में 6 और अन्य ड्रोन काला सागर, आज़ोव सागर तथा अलग-अलग क्षेत्रों में देखे गए। यह ताजा घटनाक्रम दर्शाता है कि रूस-यूक्रेन युद्ध थमने के बजाय और भी जटिल और घातक होता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों का जीवन सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। (पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश