कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जंग में रूस के आक्रामक तेवर जारी हैं। रूसी सेना ने सोमवार रात तीन यूक्रेनी शहरों पर हमला किया जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और कम से कम 24 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने रूसी हमलों के बारे में मंगलवार को जानकारी दी है। खास बात यह है कि ये हमले मॉस्को और कीव के प्रतिनिधिमंडलों के बीच प्रस्तावित तीसरे दौर की शांति वार्ता से एक दिन पहले हुए है।
रूस ने कहां-कहां किए हमले
रूस ने उत्तर-पूर्व में सुमी, दक्षिण में ओडेसा और पूर्वी क्रामातोर्स्क के यूक्रेनी क्षेत्रों पर हमले किए हैं। शहर के सैन्य प्रशासन प्रमुख ओलेक्सांद्र होन्चारेंको के अनुसार, क्रामातोर्स्क में एक इमारत पर एक ग्लाइड बम गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में करीब 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई है।
क्या बोले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार देर रात घोषणा की थी कि वार्ता होगी, लेकिन इससे तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कोई खास प्रगति होने की उम्मीद कम ही है। ये हमले ट्रंप प्रशासन द्वारा शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने की कोशिशों के बावजूद हो रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अपनी मांगों से पीछे हटने के अनिच्छुक होने के कारण ये शांति प्रयास बाधित हुए हैं।

ट्रंप ने दी है रूस को धमकी
गौरतलब है कि, पिछले दो दौर की वार्ता इस्तांबुल में हुई थी और रूसी मीडिया की खबरों के अनुसार, इस बार भी बैठक की मेजबानी तुर्किए के इसी शहर में होगी। इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस और यूक्रेन के बीच जंग को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को धमकी दे डाली है। ट्रंप ने कहा था कि अगर यूक्रेन में जंग समाप्त करने को लेकर 50 दिन के भीतर कोई समझौता नहीं होता है तो वह रूस पर कड़े शुल्क लगाएंगे। (एपी)
यह भी पढ़ें:
ईरान ने फिर साफ किया अपना रुख, कहा- 'नहीं छोड़ेगें परमाणु कार्यक्रम, बनाते रहेंगे मिसाइले'
जजों के बर्तन में कर्मचारियों ने खाया खाना तो मच गया बवाल, जानें फिर क्या हुआ