1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. हवा और समुद्र के रास्ते रूस ने यूक्रेन पर कर दी मिसाइलों की बरसात, भीषण तबाही

हवा और समुद्र के रास्ते रूस ने यूक्रेन पर कर दी मिसाइलों की बरसात, भीषण तबाही

 Published : Dec 29, 2022 10:38 pm IST,  Updated : Dec 29, 2022 10:38 pm IST

Russia-Ukraine war: रूस लगातार यूक्रेन पर हमले की गति को तेज करता जा रहा है। बृहस्पतिवार को रूस ने यूक्रेन पर हवा के साथ-साथ समुद्र के रास्ते से भी दर्जनों मिसाइलें दागी। इससे यूक्रेन दहल उठा। जगह-जगह आग की लपटें उठती दिखाई दीं और चारों ओर हाहाकार मच गया।

रूस के मिसाइल हमलों से तबाह यूक्रेन (फाइल)- India TV Hindi
रूस के मिसाइल हमलों से तबाह यूक्रेन (फाइल) Image Source : AP

Russia-Ukraine war: रूस लगातार यूक्रेन पर हमले की गति को तेज करता जा रहा है। बृहस्पतिवार को रूस ने यूक्रेन पर हवा के साथ-साथ समुद्र के रास्ते से भी दर्जनों मिसाइलें दागी। इससे यूक्रेन दहल उठा। जगह-जगह आग की लपटें उठती दिखाई दीं और चारों ओर हाहाकार मच गया। यूक्रेन की राजधानी कीव समेत अनेक क्षेत्र बृहस्पतिवार को रूस के मिसाइल हमलों से दहल गये जो राष्ट्रीय अवसंरचना पर सिलसिलेवार हमले का पिछले कुछ सप्ताह में सबसे बड़ा मामला है।

देश के कई क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को तड़के हवाई हमले के प्रति चौकन्ना करने वाले सायरन बजने लगे। यूक्रेन के सैन्य प्रमुख जनरल वालेरी जे.ने कहा कि रूस की ओर से ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाते हुए 69 मिसाइल दागे गए, जिनमें से 54 को नष्ट करने में सफलता मिली। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के आसपास हुए हमलों में कम से कम दो लोग मारे गए हैं। वहीं, हमले में देश भर में कम से कम छह लोग घायल भी हुए। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रात में चुनिंदा क्षेत्रों में विस्फोट करने वाले ड्रोन भेजे और फिर सुबह अपने सामरिक विमानों और जहाजों से वायु और समुद्र आधारित क्रूज मिसाइलों के हमले शुरू कर दिये। यूक्रेन की बिजली और जल आपूर्ति पर रूस का ताजा हमला यहां लोगों की परेशानियां और बढ़ाने वाला है। कीव में क्षेत्रीय प्रशासन ने कहा कि मिसाइल हमले से बचाव के लिए वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया है। कीव में विस्फोटों की आवाज सुनी गयी।

यूक्रेन ने किया कई रूसी मिसाइलों को मार गिराने का दावा

मेयर विताली क्लिश्चको ने राजधानी में बिजली आपूर्ति बाधित होने की चेतावनी देते हुए लोगों से पानी जमा करने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चार्ज रखने को कहा है। खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने कहा कि यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर में अनेक विस्फोट हुए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि कुछ रूसी मिसाइलों को नष्ट किया गया। यूक्रेन के दक्षिणी माइकोलैव प्रांत के गवर्नर वितालिय किम ने कहा कि काला सागर के ऊपर पांच मिसाइलों को मार गिराया गया। यूक्रेनी सेना की एक कमान ने कहा कि सुमी क्षेत्र में दो मिसाइलों को मार गिराया गया।

कीव के जिला प्रशासन ने कहा कि वहां दार्नित्स्की में दो निजी इमारतों को रूसी मिसाइल हमलों में नुकसान पहुंचा है। नीपर नदी के दूसरी ओर के क्षेत्र में एक औद्योगिक संस्थान तथा खेल के एक मैदान को भी नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर रूसी हमलों की कड़ी में बृहस्पतिवार का हमला ताजा है। मॉस्को अक्टूबर से हर सप्ताह इस तरह के हमले कर रहा है। दनिप्रो, ओडेसा और क्रिवी रीह क्षेत्रों में अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं को होने वाले नुकसान को कम से कम करने के लिए बिजली आपूर्ति रोक दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश