1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर कर दी मिसाइल और ड्रोन हमलों की बौछार, 9 की मौत घायल हुए 70 लोग

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर कर दी मिसाइल और ड्रोन हमलों की बौछार, 9 की मौत घायल हुए 70 लोग

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Apr 24, 2025 01:12 pm IST,  Updated : Apr 24, 2025 02:34 pm IST

रूस की ओर से यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाया है। कीव में रूस की ओर से घातक मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं।

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर किया हमला- India TV Hindi
रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर किया हमला Image Source : AP

कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में मॉस्को ने आक्रामक रुख अपना लिया है। रूस ने यूक्रेन पर बुधवार रात भीषण मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। रूस की ओर से किए गए इन हमलों में 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि 6 बच्चों सहित 70 अन्य लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के अधिकारियों ने रूस की तरफ से किए गए इस हमले की जानकारी दी है। 

मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने अपने टेलीग्राम चैनल पर बताया कि रूस ने कीव पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने बताया कि कम से कम 42 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे के नीचे दबे शवों को खोजने के लिए बृहस्पतिवार सुबह से ही बचाव अभियान जारी है। 

आवासीय इमारतों में लगी आग

कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि इन हमलों के कारण कई आवासीय इमारतों में आग लगने की सूचना मिली है। यह हमला रात करीब एक बजे शुरू हुआ और इस दौरान कीव के कम से कम चार इलाकों को निशाना बनाया गया। तकाचेंको ने बताया कि स्वियातोशिन्स्की जिले में हुए हमलों के दौरान भारी तबाही हुई है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता ठप होती हुई नजर आ रही है।  

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर किया हमला
Image Source : APरूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर किया हमला

जंग को खींच रहे हैं जेलेंस्की

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह क्रीमिया को रूस को सौंपने के प्रस्ताव को ठुकरा कर युद्ध को खींच रहे हैं। जेलेंस्की ने लंदन में बुधवार को अमेरिका, यूरोपीय और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच होने वाली वार्ता से पहले किसी भी समझौते के तहत यूक्रेन द्वारा रूस को क्षेत्र सौंपे जाने के विचार को खारिज कर दिया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा था, ‘‘इस बारे में कोई बात नहीं होगी। यह हमारी भूमि है, यूक्रेनी लोगों की भूमि है।’’ (एपी)

यह भी पढ़ें:

भारत से तनाव के बीच पाकिस्तान ने उठाया भड़काने वाला कदम, करने जा रहा है मिसाइल टेस्ट

घिनौनी हरकतों से परेशान होकर उठाया कदम, 3 बेटियों ने बेरहमी से किया पिता का कत्ल; हुए चौंकाने वाले खुलासे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश