1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस का कीव समेत दर्जन भर शहरों पर बड़ा हवाई हमला, यूक्रेन में 4 बच्चों समेत 24 की मौत; करीब 60 लोग घायल

रूस का कीव समेत दर्जन भर शहरों पर बड़ा हवाई हमला, यूक्रेन में 4 बच्चों समेत 24 की मौत; करीब 60 लोग घायल

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 07, 2026 11:17 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 11:17 pm IST

4 साल सात महीने से भी अधिक दिनों से चल रहा रूस-यूक्रेन युद्ध बेहद खौफनाक हो गया है। रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। रूसी जेट पावर्ड ड्रोन और स्टील्थ मिसाइलों ने यूक्रेनी शहरों में जमकर तबाही मचाई। कीव से खार्किव और निप्रो से चेर्निहाइव तक कैसे त्राहिमाम मच गया?

Russia Ukraine War- India TV Hindi
यूक्रेन पर रूस ने किया भीषण हमला। Image Source : AP

रूस-यूक्रेन युद्ध बेहद खतरनाक मोड़ पर आ गया है। दोनों ही देश एक-दूसरे पर विध्वंसक हमले कर रहे हैं, जिससे इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर समेत रिहायशी इलाकों में महातबाही हो रही है। विनाशकारी जंग के बीच रूस ने यूक्रेन पर सबसे बड़ा हमला किया है और इसे यूक्रेनी ड्र्रोन हमले का बदला माना जा रहा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस के हालिया जबरदस्त हमले में, मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच रूसी मिसाइलों और ड्रोनों ने कीव और यूक्रेन के करीब एक दर्जन अन्य इलाकों को टारगेट किया, जिसमें 4 बच्चों समेत कम से कम 24 आम नागरिकों की मौत हो गई। वहीं, लगभग 60 लोग घायल हो गए हैं।

एक दिन पहले ही यूक्रेन ने रूस पर किया था भीषण हमला

दरअसल, एक दिन पहले यूक्रेन ने मॉस्को और आसपास के इलाकों में 650 विस्फोटक ड्रोन दागे। इस हमले से पूरे इलाके में भारी नुकसान हुआ। मॉस्को से करीब 40 किलोमीटर दूर मॉस्को ओब्लास्ट का एक बड़ा ऑयल डिपो तबाह हो गया। प्रतिशोध की आग में रूस ने यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन्स की बौछार कर दी। रूसी एयर स्ट्राइक से यूक्रेन के कई इलाके खंडहर में तब्दील हो गए।

रूसी एयरस्ट्राइक से थर्राया यूक्रेन!

रूसी मिसाइलों ने यूक्रेन की इंडस्ट्रियल सिटी निप्रो को निशाना बनाया है। आग उगलती मिसाइलें जब शहर के बीचोंबीच गिरीं तो भारी विस्फोट से पूरा इलाका थर्रा उठा। हवाई हमले में निप्रो शहर का एक प्रमुख इंडस्ट्रियल यूनिट डैमेज हो गया, जबकि आसपास के कई बिल्डिंग को भारी नुकसान हुआ।

रूस ने 130 ड्रोन और 48 क्रूज-बैलिस्टिक मिसाइलों से किया हमला

यूक्रेन की एयरफोर्स के मुताबिक, रूस ने 130 ड्रोन और 48 क्रूज व बैलिस्टिक मिसाइलें यूक्रेन के अलग-अलग शहरों में दागीं। हालांकि, यूक्रेनी एयरफोर्स ने इनमें से 161 एरियल टारगेट्स को मार गिराने का दावा किया है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन को इन हमलों की पहले ही भनक लग चुकी थी। इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने एक दिन पहले ही रूस के बड़े हमले को लेकर लोगों को सावधान कर दिया था।

रूसी हमलों को रोकते-रोकते थक गया यूक्रेन का एयर डिफेंस सिस्टम

लेकिन सॉलिड इनपुट होने के बावजूद यूक्रेन इन हमलों को पूरी तरह से रोक नहीं सका। इसकी सबसे बड़ी वजह रूस की नई जेट पावर्ड गेरान-4 और गेरान-5 ड्रोन हैं। यूक्रेन पर रूस हर महीने हजारों की संख्या में नए जेट-पावर्ड ड्रोन दाग रहा है, जिससे यूक्रेनी एयर डिफेंस थक चुका है। यूक्रेन के पास इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी हो गई है। रूस की नई गेरान ड्रोन इतनी तेज और इतनी ऊंचाई पर उड़ते हैं कि यूक्रेनी एयर डिफेंस सिस्टम उसे डिटेक्ट करने में नाकाम साबित होती है।

यूक्रेन की नई मुसीबत गेरान- 5 ड्रोन

गेरान-5 रूस का एक जेट-पावर्ड सुसाइड ड्रोन है, जिसे कम लागत वाली क्रूज मिसाइल के रूप में डेवलप किया गया है। इसमें टर्बोजेट इंजन लगा है, जिससे ये 450 से 600 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है। ये पुराने शाहेद जैसे पिस्टन इंजन वाले ड्रोनों की तुलना में करीब तीन गुना तेज है। इसकी स्ट्राइक रेंज तकरीबन 950 से 1,000 किलोमीटर तक है। ये ड्रोन करीब 90 किलोग्राम का विस्फोटक वॉरहेड ले जाने में कैपेबल है। ये 5,000 से 6,000 मीटर की मैक्सिमम हाइट तक उड़ान भर सकता है।

कीव पर भी बड़े पैमाने पर हुआ हमला

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर भी बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे कीव के कई इलाके में भारी तबाही हुई। रूसी सेना ने कीव में टर्बो इंजन वाले गेरॉन ड्रोनों के साथ ही बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागीं, जिससे रिहायशी बिल्डिंग्स के साथ ही कई इंडस्ट्रियल यूनिट्स तबाह हो गए। जेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने इन हमलों में मुख्य रूप से यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को टारगेट किया है। रूस का मकसद यूक्रेन को लार्ज स्केल पर डैमेज करना है। हमले के जरिए रूस डर पैदा करना चाहता है।

कहां-कहां हमलों का असर?

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूसी हमले से राजधानी कीव के अलावा पोल्टावा, निप्रॉपेट्रोस, खार्किव और चेर्निहाइव समेत कई इलाके दहल उठे। कई जगहों पर विस्फोट के बाद आग लग गई और बड़ी-बड़ी बिल्डिंग्स खंडहर में तब्दील हो गई। हालांकि, इससे पहले हाल ही में व्लादिमीर पुतिन ने जमकर PM मोदी की तारीफ की थी और यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म कराने की कोशिशों को सराहा था।

ये भी पढ़ें- रूस NATO देशों पर ड्रोन-रॉकेट से कर सकता है हमला! पोलैंड के PM टस्क ने दी बड़ी चेतावनी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।