1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस-यूक्रेन जंग में यूक्रेनी सैनिकों का कारनामा, सुमी क्षेत्र में रूसी सेना को आगे बढ़ने से रोका

रूस-यूक्रेन जंग में यूक्रेनी सैनिकों का कारनामा, सुमी क्षेत्र में रूसी सेना को आगे बढ़ने से रोका

 Published : Jun 27, 2025 06:33 am IST,  Updated : Jun 27, 2025 06:34 am IST

रूसी सेना की ओर से यूक्रेन में लगातार भीषण हमले किए जा रहे है। रूसी सेना की ओर से जारी भीषण आक्रमणों के बीच यूक्रेनी सैनिकों ने बड़ा कारनामा कर दिया है। यूक्रेन ने रूस को सुमी क्षेत्र में आगे बढ़ने से रोक दिया है।

Russia Ukraine War- India TV Hindi
Russia Ukraine War Image Source : AP

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। रूस की ओर से यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। रूसी हमलों के बीच यूक्रेनी सैनिकों ने बड़ा कारनामा कर दिया है। यूक्रेन के शीर्ष सैन्य कमांडर ने कहा है कि यूक्रेनी सेना ने उत्तरी सुमी क्षेत्र में रूसी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोक दिया है। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में भी भीषण लड़ाई चल रही है। 

क्या बोले यूक्रेनी सेना के कमांडर?

यूक्रेन की सशस्त्र सेनाओं के कमांडर-इन-चीफ कर्नल जनरल ओलेक्सांद्र सिरस्की ने कहा कि सुमी में यूक्रेन को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि रूस के लगभग 50,000 सैनिकों, जिनमें हवाई और समुद्री ब्रिगेड शामिल हैं, को अग्रिम पंक्ति के क्षेत्रों में तैनात करने से रोक दिया है। यूक्रेनी जनरल के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है और रूसी अधिकारियों ने तत्काल इसपर कोई टिप्पणी नहीं की है। 

यूक्रेनी सेना ने किया ड्रोन का इस्तेमाल

रूसी सेना लगभग 1,000 किलोमीटर की अग्रिम पंक्ति में कुछ स्थानों पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है, हालांकि उनकी यह बढ़त सैनिकों के हताहत होने के मामले में महंगी साबित हुई है। संख्या में कम यूक्रेनी सेना ने रूसियों को पीछे रखने के लिए ड्रोन का काफी इस्तेमाल किया है। 

Russia Ukraine War
Image Source : APRussia Ukraine War

रूस और यूक्रेन इस बात पर हैं सहमत

बता दें कि, तीन साल से अधिक समय से चल रहे युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में कई महीनों से चल रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयास विफल हो गए हैं। शत्रुता के बीच, दोनों पक्षों ने इस्तांबुल में अपने प्रतिनिधिमंडलों के बीच हाल ही में हुई वार्ता के दौरान बनी सहमति के बाद युद्धबंदियों की अदला-बदली जारी रखी है। रूस के रक्षा मंत्रालय और यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को युद्धबंदियों की एक और अदला-बदली हुई है। 

रूसी रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी सेना ने दोनेत्स्क में दो गांवों, नोवोसेरहीवका और शेवचेंको पर कब्जा कर लिया है। रूसी मंत्रालय ने कहा कि रात भर में 9 क्षेत्रों में 50 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए, जिनमें से तीन मॉस्को क्षेत्र में थे। वहीं, यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने बीती रात देश भर में 41 शाहिद और अन्य ड्रोन तैनात दागे। 24 ड्रोन को रोक दिया गया या जाम कर दिया गया। (एपी)

यह भी पढ़ें:

गाजा में अपने सैनिकों की मौत के बाद भड़का इजरायल, लिया बदला; मचा दिया कहर

रूस-भारत और चीन करने वाले हैं बड़ा काम, रूसी विदेश मंत्री ने दिया बयान; जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश