1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. थल से जल तक पहुंची रूस-यूक्रेन के बीच की लड़ाई, काला सागर में दोनों सेनाओं के बीच भीषण युद्ध; बंदरगाह तबाह

थल से जल तक पहुंची रूस-यूक्रेन के बीच की लड़ाई, काला सागर में दोनों सेनाओं के बीच भीषण युद्ध; बंदरगाह तबाह

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 04, 2023 04:00 pm IST,  Updated : Aug 04, 2023 04:00 pm IST

रूस-यूक्रेन युद्ध थल और नभ से होते हुए अब जल तक पहुंच गया है। काला सागर में रूस और यूक्रेन की नौसेनाएं भीषण जंग कर रही हैं। यूक्रेन ने समुद्री ड्रोन से रूस के बंदरगाह को निशाना बनाया है। इससे पहले रूस ने यूक्रेन के ओडिसा पोर्ट को बमों से छलनी कर दिया था। लिहाजा यूक्रेन अब रूस पर बदले की कार्रवाई कर रहा है।

काला सागर में टहलते जंगी जहाज।- India TV Hindi
काला सागर में टहलते जंगी जहाज। Image Source : AP

रूस-यूक्रेन के बीच 16 महीने से चल रही लड़ाई अब और अधिक घातक दौर में पहुंच गई है। थल और नभ के बाद अब दोनों सेनाओं के बीच समुद्र में भीषण जंग शुरू हो गई है। पहले रूस ने यूक्रेन के ओडिसा बंदरगाह पर दर्जनों ड्रोन हमलों से तबाह किया तो अब यूक्रेन बदले में रूस के नोवोरोसिस्क बंदरगाह पर ताबड़तोड़ हमले कर रहा है। काला सागर में दोनों सेनाओं के जंगी युद्धपोतों की गर्जना ने भारी कोलाहल है। समुद्र के बीच होने वाली गर्जना से काला सागर में उथल-पुथल मच गई है। यूक्रेन ओडिसा बंदरगाह की तबाही का बदला लेना चाहता है। ऐसे में दोनों देशों की सेनाओं समुद्र में भीषण जंग कर रही हैं। नौसेनिक अपने-अपने देश की आन-बान और शान के लिए काला सागर में लाल युद्ध छेड़ चुके हैं।

यूक्रेन ने रूस के बंदरगाह पर किया समुद्री ड्रोन से हमला

रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन पर आरोप लगाया कि उसने नोवोरोसिस्क बंदरगाह में उसके काला सागर नौसेना अड्डे पर समुद्री ड्रोन से हमला किया है। नोवोरोसिस्क पर हमला पिछले 18 महीने से जारी युद्ध में पहला मौका है, जब रूस के किसी वाणिज्यिक बंदरगाह को निशाना बनाया गया है। यह शहर काला सागर तट पर रूस का एक प्रमुख बंदरगाह है और वहां नौसेना का अड्डा, पोत निर्माण यार्ड और एक तेल टर्मिनल भी है। रूसी निर्यात के लिहाज से यह एक प्रमुख बंदरगाह है। इस बीच रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रात में यूक्रेन के एक और हमले को विफल कर दिया। साथ ही  यूक्रेन के 13 ड्रोन को मार गिराया। मंत्रालय ने कहा कि नौसेना अड्डे की सुरक्षा के लिए तैनात रूसी पोतों ने दो यूक्रेनी समुद्री ड्रोन को मार गिराया।

रूसी युद्धपोतों ने काला सागर में किया यूक्रेन का पीछा

काला सागर में रूस के बंदरगाह पर हमले के बाद उसके दो युद्धपोतों ने यूक्रेन का पीछा कर लिया। साथ ही यूक्रेनी सेना पर जवाबी हमला किया। नोवोरोसिस्क के मेयर आंद्रे क्रावचेंको ने कहा कि दो पोतों ने यूक्रेन के हमले पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की और हमले को नाकाम कर दिया। यूक्रेन के अधिकारियों ने देश की सुरक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की। काला सागर बंदरगाह पर हमले की पुष्टि करने के कुछ ही मिनट बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने क्रीमिया पर यूक्रेन के एक और हमले को भी नाकाम कर दिया है। मंत्रालय ने कहा कि वायु रक्षा प्रणालियों ने 10 ड्रोन को मार गिराया और तीन अन्य ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक रूप से जाम कर दिया। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश