1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. यूक्रेन के सैनिक ने अपने ही 4 साथियों को गोलियों से भूना, एक आम नागरिक की भी मौत

यूक्रेन के सैनिक ने अपने ही 4 साथियों को गोलियों से भूना, एक आम नागरिक की भी मौत

 Published : Jan 27, 2022 06:34 pm IST,  Updated : Jan 27, 2022 06:34 pm IST

बता दें कि रूस ने यूक्रेन की सीमा के पास 1,00,000 से अधिक सैनिकों का जमावड़ा कर रखा है जिससे इस क्षेत्र में युद्ध की आशंका तेज हो गई है।

Ukraine Soldier, Ukraine Soldier Attack, Artemiy Ryabchuk- India TV Hindi
हमलावर सैनिक की पहचान 20 वर्षीय आर्तेमी रयाबचुक के रूप में की गई है। Image Source : INTERIOR MINISTRY OF UKRAINE

Highlights

  • गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले सैनिक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
  • अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हमलावर ने ऐसा क्यों किया।
  • दिल दहलाने वाली यह घटना दनिप्रो शहर में गुरुवार की सुबह हुई।

कीव: यूक्रेन के नेशनल गार्ड के एक सदस्य ने गुरुवार को अपने सहकर्मियों पर गोलीबारी कर दी, जिसमें 5 लोग मारे गये और 5 अन्य घायल हो गये। यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले सैनिक को पुलिस ने पकड़ लिया है लेकिन उसकी मंशा के बारे में अब तक पता नहीं चल पाया है। यह घटना देश की राजधानी कीव से 500 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में स्थित दनिप्रो शहर में गुरुवार की सुबह हुई।

ड्यूटी पर था हमलावर सैनिक

हमलावर सैनिक की पहचान 20 वर्षीय आर्तेमी रयाबचुक के रूप में की गई है, जो ड्यूटी पर था और अपने सहकर्मियों पर गोलीबारी करने के फौरन बाद मौके से भाग गया था। इस घटना में 4 सैनिकों और एक आम आदमी की जान चली गई, जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने गोलीबारी के शीघ्र बाद रयाबचुक को हिरासत में ले लिया। राष्ट्रपति वोलोदमायर जेलेंस्की ने अधिकारियों से घटना की गहन जांच करने को कहा है। गोलीबारी की यह घटना, यूक्रेन की सीमा रूस द्वारा करीब एक लाख सैनिक जमा करने की पृष्ठभूमि में हुई है।

रूस ने किया है सैनिकों का जमावड़ा
बता दें कि रूस ने यूक्रेन की सीमा के पास 1,00,000 से अधिक सैनिकों का जमावड़ा कर रखा है जिससे इस क्षेत्र में युद्ध की आशंका तेज हो गई है। रूस ने लगातार इस बात से इनकार किया है कि वह हमले की योजना बना रहा है, लेकिन अमेरिका और उसके नाटो सहयोगियों का मानना है कि रूस युद्ध की ओर बढ़ रहा रहा है तथा इसके लिए तैयारी कर रहा है। इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बुधवार को रूस से कहा कि उनका देश यूक्रेन संकट से निपटने के लिए ‘किसी भी तरह से तैयार’ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश