1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. मॉस्को में घुसा यूक्रेनी Drone, रूस ने मार गिराया, रूसी राजधानी में इस महीने में तीसरा ड्रोन अटैक

मॉस्को में घुसा यूक्रेनी Drone, रूस ने मार गिराया, रूसी राजधानी में इस महीने में तीसरा ड्रोन अटैक

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jul 28, 2023 05:04 pm IST,  Updated : Jul 28, 2023 05:04 pm IST

रूस की राजधानी मॉस्को के बाहर शुक्रवार सुबह एक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। यह इस महीने में रूस के राजधानी क्षेत्र पर तीसरा यूक्रेनी ड्रोन हमला या हमले का प्रयास था।

मॉस्को में घुसा यूक्रेनी Drone, रूस ने मार गिराया- India TV Hindi
मॉस्को में घुसा यूक्रेनी Drone, रूस ने मार गिराया Image Source : FILE

Russia Ukraine War News: रूस और यूक्रेन की जंग अब एकतरफा नहीं रही है। रूस लगातार यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमले कर रहा है, लेकिन अब यूक्रेन ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है। रूस की राजधानी मॉस्को में एक बार फिर यूक्रेनी ड्रोन घुस गया है। रूस ने इस ड्रोन को मार गिराया है। इससे पहले भी यूक्रेनी ड्रोन रूस की राजधानी तक पहुंचने लगे हैं। कुछ महीने पहले तो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के क्रेमलिन पर भी ड्रोन अटैक हो गया था। 

जानकारी के अनुसार रूस के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी है कि उसने मॉस्को के बाहर शुक्रवार सुबह एक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। यह इस महीने में राजधानी क्षेत्र पर तीसरा ड्रोन हमला या हमले का प्रयास था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि तड़के घटी इस घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। उसने यह विस्तृत जानकारी नहीं दी कि ड्रोन को कहां मार गिराया गया, लेकिन बताया कि घटना मॉस्को ओबलास्ट इलाके की है।

रूस और यूक्रेन की जंग के शुरुआत को डेढ़ साल होने वाले हैं। ऐसे में यह जंग अभी खत्म होती दिखाई नहीं दे रही है। क्योंकि अब यूक्रेन की ओर से भी लगातार पलटवार हो रहा है। इन हमलों से जाहिर है रूसी खेमे में चिंता बढ़ेगी। सोमवार को रूस की राजधानी मॉस्को पर दो ड्रोन से हमला किया गया था। 

दो ड्रोन हमलों में से एक क्रेमलिन से सिर्फ 3 किमी दूर हुआ था

इन दोनों हमलों में से एक क्रेमलिन से लगभग तीन किलोमीटर (दो मील) दूर मॉस्को नदी के किनारे रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय के पास, शहर के बीचोंबीच गिरा। दूसरे ड्रोन से दक्षिणी मॉस्को में एक कार्यालय भवन पर हमला किया गया। इससे कई ऊपरी मंजिलें नष्ट हो गईं। रूस की सेना ने कहा कि 4 जुलाई को हुए एक अन्य हमले में वायुसेना ने मॉस्को के बाहर 4 ड्रोन मार गिराए और पांचवें को उतरने पर मजबूर कर दिया गया।

यूक्रेन लगातार कर रहा पलटवार 

हाल के समय में यूक्रेन की ओर से रूस पर लगातार पलटवार किया जा रहा है। अमेरिका और यूरोपीय देशों द्वारा यूक्रेन को दी जा रही सैन्य और आर्थिक मदद के चलते यूक्रेन द्वारा पलटवार किया जाना संभव हो सका है। रूस भी यूक्रेन पर लगातार हमले कर रहा है। दक्षिण इलाकों में रूस के हमले जारी हैं। वहीं यूक्रेन की राजधानी कीव पर भी रूस लगातार हमलावर है। हाल ही में रूस ने ओडेसा के एक ऐतिहासिक कैथेड्रल को निशाना बनाया था। तब स्थानीय यूक्रेनी लोगों में काफी नाराजगी देखी गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश