1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. जंग में दिखाई हिम्मत, अब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को 'इंटरनेशनल फोर फ्रीडम्स अवार्ड' से किया गया सम्मानित

जंग में दिखाई हिम्मत, अब यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को 'इंटरनेशनल फोर फ्रीडम्स अवार्ड' से किया गया सम्मानित

 Published : Apr 16, 2026 04:02 pm IST,  Updated : Apr 16, 2026 04:02 pm IST

रूस के खिलाफ साहस और दृढ़ता के साथ जंग लड़ने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को 'इंटरनेशनल फोर फ्रीडम्स अवार्ड' मिला है। यह सम्मान रूजवेल्ट फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया गया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की- India TV Hindi
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की Image Source : AP

मिडलबर्ग: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को प्रतिष्ठित 'इंटरनेशनल फोर फ्रीडम्स अवार्ड' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें और उनके राष्ट्र को जंग में रूस का विरोध करने करने में दिखाए गए साहस और दृढ़ता के लिए दिया गया है। यह सम्मान रूजवेल्ट फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया गया है। रूजवेल्ट फाउंडेशन की स्थापना 1982 में उन Four Freedoms के सम्मान में पुरस्कार देने के लिए की गई थी, जिनका उल्लेख अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने 1941 में अपने 'स्टेट ऑफ द यूनियन' संबोधन में किया था। अपने संबोधन में रूजवेल्ट ने बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, पूजा की स्वतंत्रता, गरीबी से मुक्ति और भय से मुक्ति की बात कही थी।

किन हस्तियों को मिला है पुरस्कार?

फाउंडेशन के अध्यक्ष ह्यूगो डी जोंग ने गुरुवार को कहा, "हम यूक्रेनी लोगों के अटूट साहस और निरंतर दृढ़ता को और उनके राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के स्थिर और दृढ़ नेतृत्व को सर्वोच्च सम्मान अर्पित करते हैं।"  इस अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार के पिछले विजेताओं में नेल्सन मंडेला, दलाई लामा, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, और संयुक्त राष्ट्र तथा इंटरनेशनल कमिटी ऑफ द रेड क्रॉस जैसे संगठन शामिल हैं।

इन पुरस्कारों का भी किया गया ऐलान

फ्रांस की बलात्कार पीड़िता गिसेले पेलिकॉट को 'भय से मुक्ति' (Freedom from Fear) पुरस्कार मिला है। 'कमिटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स' को 'बोलने की स्वतंत्रता' (Freedom of Speech) पुरस्कार मिला है। सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए फाउंडेशन की ओर से 'पूजा की स्वतंत्रता' (Freedom of Worship) पुरस्कार के विजेता की घोषणा सार्वजनिक रूप से नहीं की गई।

डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से मिले जेलेंस्की

समारोह के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन से मुलाकात की। रूसी आक्रमण के बाद से नीदरलैंड्स यूक्रेन का एक मजबूत समर्थक रहा है, जिसमें पैट्रियट मिसाइलें और लड़ाकू विमान उपलब्ध कराना भी शामिल है। बुधवार को, रक्षा मंत्री डिलन येसिलगोज-जेगेरियस ने घोषणा की थी कि नीदरलैंड्स यूक्रेनी सेना के लिए ड्रोन पर 248 मिलियन यूरो (292 मिलियन अमेरिकी डॉलर) खर्च कर रहा है।

जर्मनी, नॉर्वे और इटली कर रहे यूक्रेन की मदद

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस के साथ अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली आगे की बातचीत के लिए कोई योजना घोषित ना होने के कारण जेलेंस्की ने इस सप्ताह 48 घंटों के भीतर 3 यूरोपीय राजधानियों का दौरा किया है। इसका मकसद जर्मनी, नॉर्वे और इटली से और अधिक सैन्य और वित्तीय सहायता का वादा हासिल करना था। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि जर्मनी और यूक्रेन 4 अरब यूरो (4.7 अरब अमेरिकी डॉलर) के रक्षा पैकेज पर सहमत हुए हैं, और नॉर्वे ने 9 अरब यूरो की सहायता देने का वादा किया है। 

यह भी पढ़ें:

Russia-Ukraine War: कीव की रात बनी 'कयामत की रात'...रूस ने बरसाये 700 ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें; 16 लोगों की मौत

लाहौर में एक न्यूज चैनल के बाहर आतंकी 'अमीर हमजा' को अज्ञात शख्स ने मारी गोली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश