1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ओबामा ने पांच दशक बाद क्यूबा में किया ये काम

ओबामा ने पांच दशक बाद क्यूबा में किया ये काम

 Written By: India TV News Desk
 Published : Sep 28, 2016 12:24 pm IST,  Updated : Sep 28, 2016 12:24 pm IST

वॉशिंगटन: अमेरिका ने राजनयिक जेफ्री डेलॉरेन्टिस को क्यूबा का राजदूत नियुक्त किया है। क्यूबा में किसी अमेरिकी राजदूत की यह नियुक्ति पांच दशक के अंतराल के बाद हुई है। ओबामा ने एक बयान में कहा

barack obama- India TV Hindi
barack obama

वॉशिंगटन: अमेरिका ने राजनयिक जेफ्री डेलॉरेन्टिस को क्यूबा का राजदूत नियुक्त किया है। क्यूबा में किसी अमेरिकी राजदूत की यह नियुक्ति पांच दशक के अंतराल के बाद हुई है। ओबामा ने एक बयान में कहा एक राजदूत की नियुक्ति हम दोनों देशों के बीच और अधिक सामान्य तथा सार्थक संबंध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो और ओबामा ने दिसंबर 2014 में अपने संबंधों को फिर से शुरू करने का ऐलान किया था। इसके बाद से वॉशिंगटन और हवाना ने आधी सदी से अधिक समय से चली आ रही अपनी शत्रुता खत्म करते हुए एक के बाद एक बड़े कदम उठाए ताकि रिश्ते सामान्य हो सकें। वर्ष 1962 के बाद से क्यूबा के दौरे पर लगा विराम हटाते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वहां का दौरा किया। मियामी से हवाना के लिए उड़ानें तथा क्रूज पोतों की आवाजाही शुरू की गई।

एयरबीएनबी और नेटफ्लिक्स जैसी अमेरिकी कंपनियों ने क्यूबा में काम शुरू किया तथा अमेरिकी होटल समूह स्टारवुड ने हाल ही में हवाना में एक शेरेटन होटल की शुरूआत की। डेलॉरेन्टिस पहले से ही हवाना में हैं और इससे पूर्व वह बोगोटा तथा संयुक्त राष्ट्र में काम कर चुके हैं। उनकी नयी नियुक्ति के लिए अभी सीनेट से मंजूरी ली जानी है लेकिन समझा जाता है कि कांग्रेस में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा जहां क्यूबाई मूल के अमेरिकी सांसद ओबामा की नीतियों का विरोध कर स्थानीय समर्थन जुटाना चाहते हैं। कोई भी सीनेटर डेलॉरेन्टिस की नियुक्ति पर अपना नाम जाहिर किए बिना विरोध जता सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश