न्यूयार्क: अमेरिका में अपने दर्शकों की संख्या ना बढ़ा पाने के कारण अल जजीरा अमेरिका को 3 तीन घंटे के विदाई समारोह के बाद बंद कर दिया गया। इसके विदाई समारोह में 2013 में इसकी शुरूआत से अब तक के इसके कार्यों को दिखाया गया है। और इसका सीधा प्रसारण किया गया। यह विदाई समारोह अमेरिका के स्थानीय समयानुसार बीते सोमवार शाम 6 बजे शुरू हुआ। इस चैनल के बंद होने के बाद अब स्थानीय केबल एवं सैटेलाइट संचालक इस बारे में निर्णय लेंगे कि उनके बाजार में चैनल की जगह कौन लेगा।
अल जजीरा अमेरिका के अध्यक्ष केट ओ ब्रायन ने कहा, हमने अमेरिका की ऐसी आवाजों को बार बार उठाया जिनकी कहानियां हमारे संवाददाताओं के ध्यान दिए बिना इतनी गहराई से नहीं बताई जा सकती थीं। हम अमेरिका में हमारे दर्शकों के बहुत आभारी है और हमें हमारी कवरेज पर गर्व है।
कतर के अल जजीरा नेटवर्क ने जनवरी में घोषणा की थी कि वह अपनी अमेरिका स्थित शाखा को बंद कर रहा है। उसने इसे एक आर्थिक निर्णय बताया था। अल जजीरा अमेरिका ने गंभीर समाचार मुहैया कराने के लक्ष्य के साथ शुरूआत की थी जिसके लिए उसे कुछ पुरस्कार भी मिले थे लेकिन अधिक दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाने और तेल के दाम में गिरावट के कारण कंपनी को घाटा हुआ जिसके कारण इस नेटवर्क को बंद करने का फैसला किया गया।