1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. OMG: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को मिला नौकरी का ऑफर

OMG: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को मिला नौकरी का ऑफर

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 17, 2016 07:41 pm IST,  Updated : May 17, 2016 07:41 pm IST

संयुक्त अरब अमीरात के एक वकील ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को कानून से जुड़ी अपनी कंपनी में नौकरी देने का प्रस्ताव दिया है।

Baraack Obama
- India TV Hindi
Baraack Obama

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के एक वकील ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को कानून से जुड़ी अपनी कंपनी में नौकरी देने का प्रस्ताव दिया है। उसका कहना है कि यह प्रस्ताव इसलिए दिया गया है ताकि ओबामा जब राष्ट्रपति पद से हटें, तो इस्लाम की सहनशीलता के अर्थ से बहुत बारीकी से परिचित हो सकें। ईसा बिन हैदर ने यह प्रस्ताव ट्विटर पर दिया है और यह भी वादा किया है कि वह ओबामा को आने के लिए विमान किराया भी देंगे।

अपनी इस पहल के बारे में हैदर ने कहा कि यह समझने के लिए कि इस्लाम सहनशीलता का धर्म है, किसी को भी इस क्षेत्र का दौरा करना चाहिए और स्थानीय लोगों के साथ सामाजिक संबंध बनाना चाहिए। हैदर ने गल्फ न्यूज से कहा, "अमेरिकी और पश्चिमी मीडिया का एक गुट लगातार इस्लाम को आतंक के धर्म के रूप में बताता है और मुसलमानों को आतंकी के रूप में वर्गीकृत करता है।"

वह कहते हैं, "जबकि यह पूरी बिलकुल भी सही नहीं है। इस्लाम सहनशीलता, मेल, क्षमा और स्वीकार करने का धर्म है। यह आतंक का धर्म नहीं है और मुसलमान आतंकी नहीं हैं।" अरबी में किए एक अन्य ट्वीट में हैदर ने कहा है कि उन्हें यह मालूम है कि उनका प्रस्ताव थोड़ा अजीब है, लेकिन ओबामा को मुसलमानों को करीब से जानने के लिए उनके साथ रहना होगा और अमेरिका की अगुआई में हो रही नाटकबाजी से दूर रहना होगा।

हैदर ने कहा, "ह्वाइट हाउस छोड़ने के बाद मैं राष्ट्रपति ओबामा के सामने कानून की अपनी कंपनी में काम करने का प्रस्ताव देता हूं। वह आएं और अरब और मुसलमानों के बीच रहें और सहनशीलता का असली अर्थ जानें।" ओबामा को अभी करीब 250 दिन तक और राष्ट्रपति के पद पर रहना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश