लॉस एंजेलिस: यूसीएलए प्रोफेसर की हत्या करने वाले बंदूकधारी की पहचान उनके पूर्व शोधार्थी भारतीय अमेरिकी मैनक सरकार के तौर पर हुयी है जिसने प्रोफेसर पर अपना कंप्यूटर कोड चुराकर उसे किसी दूसरे को देने का आरोप लगाया था। लॉस एंजेलिस टाइम्स के मुताबिक आईआईटी खड़गपुर के छात्र रहे सरकार ने कल आत्महत्या करने के पहले यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया लॉस एंजेलिस (यूसीएलए) के एक छोटे कार्यालय में प्रोफेसर विलियम क्लुग की गोली मार कर हत्या कर दी।
गोलीबारी के बाद कैंपस को पूरी तरह से बंद कर फेडरल एजेंट सहित सैकड़ों पुलिस अधिकारियों को वहां तैनात कर दिया गया था। विश्वविद्यालय की वेबसाइट के मुताबिक, संस्थान की सभी कक्षाएं कल रद्द कर दी गयीं। दोपहर के बाद बंद खत्म किया गया। यूसीएलए कैंपस में 43000 छात्र पंजीकृत हैं। अखबार ने कहा है कि 39 वर्षीय क्लुग मैकेनिकल एवं एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के एसोसिएट प्रोफेसर थे और महीनों से सोशल मीडिया पर सरकार के गुस्से के निशाने पर थे।
सरकार ने प्रोफेसर पर अपना कंप्यूटर कोड चुराकर उसे किसी दूसरे को देने का आरोप लगाया था। दस मई को सरकार ने लिखा था जब आप एक प्रोफेसर के बारे में सोचते हैं तो यूसीएलए प्रोफेसर विलियम क्लुग उस तरह के नहीं हैं। वह बहुत ही बीमार व्यक्ति हैं। यूसीएलए आने वाले प्रत्येक नए छात्र से मैं इस व्यक्ति से दूर रहने का आग्रह करता हूं।
एक अन्य शिक्षक की हत्या का भी रचा था षडयंत्र
मैनक सरकार ने अपनी पत्नी की भी हत्या की थी और एक अन्य शिक्षक की हत्या का षडयंत्र रचा था। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय समाचार रिपोर्टों में कहा गया है कि मैनक सरकार ने लॉस एंजेलिस जाने से पहले मिनेसोटा स्थित अपने घर में अपनी पत्नी एश्ले हस्ती की हत्या की थी। लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग के प्रमुख चार्ली बेक ने बताया कि सरकार की यूसीएलए के एक अन्य शिक्षक की हत्या करने की योजना थी लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया क्योंकि वह उसे ढूंढ नहीं पाया। पुलिस ने इस शिक्षक के नाम का खुलासा नहीं किया है और वह सही-सलामत है।
फायरिंग करने वाले की हत्या सूची में शामिल थी महिला
हत्या-आत्महत्या को अंजाम देने वाले ने अपने मिनेसोटा स्थित घर पर एक हत्या सूची छोड़ी थी जिससे अधिकारियों को एक महिला का शव बरामद करने में मदद मिली। स्थानीय मीडिया के अनुसार पुलिस प्रमुख चार्ली बेक ने कहा कि जब अधिकारियों ने सरकार के घर की तलाशी ली तो उसे हत्या सूची मिली जिनमें एक और प्रोफेसर एवं एक महिला का नाम था। इस महिला का शव मिनेसोटा के निकट बरामद किया गया। दूसरा प्रोफेसर सही-सलामत है। पुलिस इस मामले को मानसिक मुद्दे के तौर पर भी देख रही है।