ओटावा: हाल के चुनावों के नतीजे के बाद कनाडा ने नकाब पर प्रतिबंध खारिज करने वाले निचली अदालत के फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में दायर अपनी अपील वापस ले ली है। अटार्नी जनरल जोडी विल्सन रेबोल्ड ने कल कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराया कि सरकार ने मामले में अपनी याचिका वापस ले ली है। आव्रजन मंत्री जॉन मैककुलम के साथ उन्होंने एक बयान में कहा, विविधता कनाडा की अनूठी ताकत है और आज हमने सुनिश्चित किया है कि सफल उम्मीदवार कनाडाई परिवार में शामिल होंगे। हम भिन्नताओं के बावजूद एक मजबूत और एकजुट देश हैं। मुस्लिम महिलाओं के नकाब पहनने के समर्थन में एक निचली अदालत का फैसला पिछले महीने विधायी चुनावों के पहले बहस का एक मुद्दा बन गया। फैसले में कहा गया था कि महिलाएं आंखों को छोड़कर पूरे चेहरे पर नकाब पहन सकती हैं।
पूर्व के टोरी प्रशासन ने 2011 में नागरिक समारोहों के दौरान नकाब पहनने पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन सितंबर में निचली अदालत ने इसे खारिज कर दिया। महिलाओं के हक में फैसला आने के बाद एक सार्वजनिक रायशुमारी में नकाब के विरोध में टोरी के रूख से पार्टी को कुछ समय के लिए समर्थन बढ़ाने में मदद मिलती दिखी और वामपंथी न्यू डेमोक्रेट्स पार्टी पहले स्थान से खिसक कर तीसरे स्थान पर चली गयी। लिबरल ने भी न्यू डेमोक्रेट्स का रूख साझा किया था। उसे चुनाव में जबरदस्त जीत मिली। टोरंटो की जुनेरा इशाक ने कहा था कि प्रतिबंध कनाडा की धार्मिक संहिता के तहत उनकी धार्मिक मान्यता का उल्लंघन करता है। पाकिस्तान मूल की इशाक 2008 में कनाडा आयीं थीं और 2013 में नागरिकता जांच में सफल रहीं। लेकिन उन्होंने शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया था क्योंकि इसके लिए उन्हें अपने चेहरे से नकाब हटाना था।