1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. इस दंपति ने घोंटा ममता का गला, अपने ही 13 बच्चों को बनाए रखा सालों तक बंधक

इस दंपति ने घोंटा ममता का गला, अपने ही 13 बच्चों को बनाए रखा सालों तक बंधक

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jan 16, 2018 10:36 am IST,  Updated : Jan 16, 2018 10:36 am IST

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक घर में अपने ही 13 बच्चों को बंधक बनाकर रखने वाले एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है।

america- India TV Hindi
america

लॉस एंजिलिस: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक घर में अपने ही 13 बच्चों को बंधक बनाकर रखने वाले एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। 57 वर्षीय डेविड एलेन तुरपिन और 49 वर्षीय लुइस अन्ना तुरपिन के सभी 13 बच्चे कुपोषित हालत में मिले जिनकी आयु दो से लेकर 29 वर्ष है। जब बच्चों को मुक्त कराया गया, उस समय कुछ बच्चे अंधेरे में पलंग से बंधे थे। (अमेरिका में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत )

अधिकारियों ने बच्चों को प्रताड़ित किए जाने के मामले में जांच शुरू कर दी है। दंपति की जमानत की राशि 90 लाख डॉलर तय की गई है। दरअसल, दंपति की 17 वर्षीय एक लड़की कल घर से बच कर भाग निकली और उसने 911 पर फोन करके मामले की सूचना दी। अधिकारियों ने बताया कि लड़की इतनी कुपोषित है कि उन्हें लगा कि उसकी आयु 10 साल है। रिवरसाइड काउंटी शेरिफ विभाग ने एक बयान में बताया कि 13 पीड़ितों को कैलिफोर्निया के एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था। उनकी उम्र दो साल से 29 साल के बीच है। बयान में उनके नाम नहीं बताए गए हैं।

बयान में बताया गया है कि जांच में सामने आया है कि कई बच्चों को अंधेरे में उनके पलंग से चेन और ताले से बांधकर रखा गया था तथा उनके आसपास से बदबू आ रही थी। दंपति बच्चों को इस तरह दयनीय हालत में रखने का कोई तार्किक कारण नहीं बता पाया। इसमें बताया गया है कि अधिकारियों को लगा था कि घर के भीतर सभी बच्चे हैं लेकिन वे तब हैरान रह गए जब उन्हें पता चला कि इनमें से सात वयस्क थे, जिनकी आयु 18 से 29 साल के बीच है। शेरीफ के दफ्तर ने बताया कि बच्चों के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश