1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पार्टी के ही सीनेटर ने डोनाल्ड ट्रंप की योग्यता पर उठाया सवाल, कही यह बात

पार्टी के ही सीनेटर ने डोनाल्ड ट्रंप की योग्यता पर उठाया सवाल, कही यह बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 18, 2017 12:19 pm IST,  Updated : Aug 18, 2017 12:19 pm IST

रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े एक शक्तिशाली सीनेटर ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्होंने उस स्थिरता या योग्यता का प्रदर्शन नहीं किया है, जो देश का प्रभावी ढंग से नेतृत्व करने के लिए जरूरी है।

Bob Corker | AP Photo- India TV Hindi
Bob Corker | AP Photo

वॉशिंगटन: रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े एक शक्तिशाली सीनेटर ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योग्यता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्होंने उस स्थिरता या योग्यता का प्रदर्शन नहीं किया है, जो देश का प्रभावी ढंग से नेतृत्व करने के लिए जरूरी है। सीनेटर ने वर्जीनिया में हुई नस्ली हिंसा पर ट्रंप के विवादित बयानों की पृष्ठभूमि में यह बात कही है। सीनेट की विदेशी संबंधों की शक्तिशाली समिति के अध्यक्ष सीनेटर बॉब कॉर्कर ने कहा कि यदि ट्रंप व्हाइट हाउस में तर्कसंगत बदलाव नहीं करते तो उन्हें डर है कि देश संकट में फंस जाएगा।

टेनेसी में एक टाउनहॉल में बैठक के बाद कॉर्कर ने कहा, ‘राष्ट्रपति वह स्थिरता या योग्यता नहीं दिखा पाए हैं, जो उन्हें सफल होने के लिए दिखानी चाहिए।’ कॉर्कर का महत्व इस बात से आंका जा सकता है कि एक बार ट्रंप उन्हें उपराष्ट्रपति बनाने पर विचार कर रहे थे। इसके अलावा वह चुनाव के बाद उन्हें विदेश मंत्री बनाने पर भी विचार कर रहे थे। सीनेट की विदेश मामलों की समिति का अध्यक्ष होने के नाते कॉर्कर अमेरिका की विदेश नीति को रूप देने में एक अहम भूमिका निभाते हैं।

कॉर्कर ने कहा, ‘हमें उम्मीद करनी चाहिए कि ट्रंप कुछ आत्मावलोकन करने के लिए प्रेरित हों, वह उस काम को करें जो स्थिरता दिखाने के लिए जरूरी है, जो योग्यता दिखाने के लिए जरूरी है, जो यह दिखाने के लिए जरूरी है कि वे हमारे देश का चरित्र समझते हैं और हमारे देश की जनता का सर्वश्रेष्ठ लेकर आने के लिए रोज काम करते हैं।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश