1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. क्या डोनाल्ड ट्रंप किसी को कोरोना संक्रमित कर सकते हैं? डॉक्टर ने दिया बयान

क्या डोनाल्ड ट्रंप किसी को कोरोना संक्रमित कर सकते हैं? डॉक्टर ने दिया बयान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 11, 2020 11:05 am IST,  Updated : Oct 11, 2020 11:05 am IST

व्हाइट हाउस के चिकित्सक ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से अब किसी अन्य को कोरोना वायरस संक्रमण होने का खतरा नहीं है।

क्या डोनाल्ड ट्रंप किसी को कोरोना संक्रमित कर सकते हैं? डॉक्टर ने दिया बयान- India TV Hindi
क्या डोनाल्ड ट्रंप किसी को कोरोना संक्रमित कर सकते हैं? डॉक्टर ने दिया बयान Image Source : AP/FILE

वाशिंगटन: व्हाइट हाउस के चिकित्सक ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से अब किसी अन्य को कोरोना वायरस संक्रमण होने का खतरा नहीं है। व्हाइट हाउस के चिकित्सक डॉ सीन कॉनले ने शनिवार को कहा, ‘‘आज शाम मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ट्रम्प पृथक-वास की अवधि समाप्त करने के लिए सुरक्षित होने संबंधी सीडीसी (रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र) के मानदंडों को पूरा करते हैं। इसके साथ ही उनका आज सुबह का कोविड-19 पीसीआर नमूना दर्शाता है कि मौजूदा मान्यता प्राप्त मानकों के अनुसार, अब उनसे किसी अन्य के संक्रमित होने का खतरा नहीं है।’’ 

ट्रम्प (74) और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प पिछले सप्ताह कोविड-19 से पीड़ित पाए गए थे। राष्ट्रपति को उपचार के लिए एक सैन्य अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में चार दिन रहने के बाद उन्हें सोमवार को छुट्टी दे दी गई थी। डॉ कॉनले ने बृहस्पतिवार को कहा था कि राष्ट्रपति शनिवार से सार्वजनिक गतिविधियां शुरू कर सकते हैं और इसमें कोई दिक्कत नहीं है।

वहीं, इससे इतर अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद देश के राष्ट्रपति का ‘‘लापरवाह’’ रवैया ‘‘बिल्कुल अनुचित’’ है। बाइडेन ने कहा कि अमेरिका को ऐसे राष्ट्रपति की आवश्यकता नहीं है, जो अमेरिकी लोगों को नजरअंदाज करे और उन्हें अपने से नीचा समझे। 

बाइडेन ने शुक्रवार को नेवेडा में लॉस वेगास में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश को एक ऐसे राष्ट्रपति की आवश्यकता है, जो यह समझता हो कि लोग किस दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जो यह समझता हो कि आप किस परिस्थिति में हैं और आप कहां जाना चाहते हैं। आपको ऐसे राष्ट्रपति की आवश्यकता नहीं है, जो आपको नजरअंदाज करे, आपको अपने नीचा समझे, जो हमें समझता ही न हो। ट्रम्प ऐसे ही राष्ट्रपति हैं।’’ 

बाइडेन ने कहा, ‘‘संक्रमित पाए जाने के बाद उनका लापरवाह रवैया और हमारी सरकार पर इसका अस्थिरकारी प्रभाव बिल्कुल अनुचित है। उन्होंने स्वयं की और अन्य लोगों की रक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां नहीं बरतीं। डोनाल्ड ट्रम्प जितने लंबे समय तक राष्ट्रपति रहेंगे, वे और लापरवाह होते जाएंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रम्प की लापरवाही के कारण बेरोजगारी की दर बढ़ गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश