वाशिंगटन: अमेरिका में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि अमेरिका में मुसलमानों के आने पर पूरी तरह रोक लगा दी जाए। गौरतलब है कि ट्रंप ने यह बात कैलीफोर्निया में हुई गोलीबारी के बाद कही जिसमे करीब 14 लोगों की मौत हो गई थी। सामने आई जानकारी के मुताबिक इस गोलीबारी में एक पाक दंपति का हाथ होने की खबर सामने आई थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कुछ सर्वे बताते हैं कि अमेरिकन लोगों के प्रति बढ़ रही मुसलमानों की नफरत इस देश को खतरे में डाल सकती है। वहीं अमेरिका राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने ट्रंप के इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। साथ ही व्हाइट हाउस का यह भी कहना है कि ट्रंप का यह बयान गैर-अमेरिकी है। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि ट्रंप ने जो भी बयान दिया है वो अमेरिकी मूल्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा हितों से एकदम उलट है। आपको बता दें कि हाल ही में कैलीफोर्नियां (अमेरिका) के सैन बर्नारडिनों में एक मुस्लिम दंपति ने गोली बारी की थी जिसमें करीब 14 लोगों की मौत हो गई थी।
ट्रंप ने अपनी बात रखते हुए कहा, “तमाम सर्वेक्षणों पर गौर किए बगैर भी यह बात साफ तौर पर देखी जा सकती है कि उनकी नफरत की कोई तुलना नहीं की जा सकती है। हां ये नफरत कहां से और क्यों आई, यह हमें तय करना होगा।” ट्रंप इससे पहले भी अमेरिका में मुसलमानों की विशेष निगरानी का सुझाव दे चुके हैं।