1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डोनाल्ड ट्रंप ने दर्ज की इंडियाना पर जीत, टेड क्रूज ने छोड़ा मैदान

डोनाल्ड ट्रंप ने दर्ज की इंडियाना पर जीत, टेड क्रूज ने छोड़ा मैदान

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 04, 2016 08:43 am IST,  Updated : May 04, 2016 08:44 am IST

अमेरिका चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप का नाम लगभग तय हो चुका है क्योंकि उन्हें इंडियाना में अपने निकट प्रतिद्वंद्वी टेड क्रूज के खिलाफ बड़ी जीत मिल चुकी है।

trump- India TV Hindi
trump

नई दिल्ली: अमेरिका चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप का नाम लगभग तय हो चुका है क्योंकि उन्हें इंडियाना में अपने निकट प्रतिद्वंद्वी टेड क्रूज के खिलाफ बड़ी जीत मिल चुकी है। उम्मीदवारी के लिहाज से इंडियाना के प्राइमरी नतीजों को बेहद अहम माना जा रहा था। वहीं सीनेटर क्रूज ने अपना प्रचार अभियान रोक लिया है। रिपब्लिकन पार्टी चीफ रीन्स प्राइबस ने मंगलवार को ऐलान किया कि डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद के लिए संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं। इसके बाद अब हिलेरी और बर्नी सेंडर्स के बीच जीतने वाले से फ़ाइनल मुक़ाबला होगा।

इंडियाना प्राइमरी चुनाव में ट्रंप को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं। इस तरह डॉनल्ड ट्रंप ने टेक्सस सेनेटर टेड क्रूज को पछाड़ दिया। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक टेड क्रूज ने इसी हार के साथ अपना अभियान खत्म कर दिया और रेस से बाहर हो गए। इसके साथ ही ट्रंप के लिए आगे का रास्ता और आसान हो गया है। वहीं बर्नी सैंडर्स ने अपनी डेमोक्रैट प्रतिद्वंदी हिलरी क्लिंटन को हराकर इंडियाना प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल कर ली।

गौरतलब है कि यह चुनाव टेड क्रूज के लिए भी बेहद खास था जिसके लिए उन्होंने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था। क्रूज ने हालांकि साफ-साफ नहीं कहा था कि इंडियाना में पिछड़ने के बाद वह उम्मीदवारी की रेस से बाहर होंगे या नहीं लेकिन उन्होंने कहा था कि इस चुनाव के बाद वह एक ‘खास’ स्थिति में होंगे। इससे पहले एक चुनाव प्रचार अभियान में क्रूज काफी हतोत्साहित नजर आए थे। उन्होंने डॉनल्ड ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा था,’यह आदमी सच बोल ही नहीं सकता। यह सच को आत्ममुग्धता के साथ मिला देता है। इस तरह की आत्ममुग्धता देश में पहले कभी नहीं देखी गई थी।

ट्रंप के लिए क्रूज का गुस्सा इसलिए भी ज्यादा बढ़ गया था क्योंकि उन्होंने एक टीवी शो में कहा था कि जॉन एफ. केनेडी की हत्या में क्रूज के पिता का हाथ था। इसके बाद क्रूज ने ट्रंप को ‘हमेशा अय्याशी करने वाला’ बताया था और इसके बदले में ट्रंप ने कहा था कि क्रूज दिन पर दिन और ज्यादा पागल होते जा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश