वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों अपने ऊपर लग रहे कथित प्रेम संबंधों के आरोपों का सामना कर रहे हैं। उनके पूर्व वकील के बाद अब ट्रंप वर्ल्ड टॉवर के पूर्व कर्मचारी (दरबान) ने अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रेम संबंधों को लेकर एक नया खुलासा किया है। इस पूर्व कर्मचारी ने दावा किया है कि वह ट्रंप और पूर्व हाउसकीपर के बीच कथित प्रेम संबंध के बारे में जानता है। उसने कहा कि इस संबंध से दोनों की एक संतान भी है।
Related Stories
सीएनएन के मुताबिक, पूर्व कर्मचारी डिनो सजुदीन के वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल अब उस समझौते से मुक्त हैं, जो उन्होंने अमेरिकन मीडिया इंक (AMI) के साथ किया था। इस समझौते के चलते वह किसी के साथ इस बारे में चर्चा नहीं कर सकते थे। एएमआई नेशनल इंक्वायरर की मूल कंपनी है। यह समझौता 15 नवंबर, 2015 को किया गया मालूम पड़ता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समझौते में कहा गया है कि सजुदीन की इस कहानी को लेकर एएमआई के पास विशेष अधिकार है, लेकिन इस कहानी के बारे में विस्तार से जिक्र नहीं करते हुए कहा गया है कि ‘सूत्र डोनाल्ड ट्रंप की अवैध संतान के बारे में जानकारी एएमआई को प्रदान करेंगे।’ समझौते से पता चला है कि सजुदीन को चुप रहने के लिए 30,000 डॉलर का भुगतान किया गया।